KGMU में नॉनवेज बैन पर कांग्रेस नेता ने कहा, क्या अब लोगों के खानपान पर भी नियंत्रण करेगी भाजपा

नाॅनवेज बैन

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के सभी हॉस्टल मेस और कैंटीन में नॉनवेज खाना बनाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या भाजपा अब लोगों के खान-पान पर भी नियंत्रण करेगी।

इस दौरान कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा पर देश में हिंदू-मुस्लिम की सियासत करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का भोजन करने और पहनावा चुनने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन बीजेपी इस पर राजनीति कर रही है। सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि क्या अब लोगों के खान-पान पर भी सरकार या बीजेपी नियंत्रण करेगी। हिंदू समाज में भी वैष्णव शाकाहारी होते हैं, जबकि भगवान शिव के अनेक अनुयायी मांसाहारी हैं। ऐसे में किसी पर भी भोजन संबंधी प्रतिबंध थोपना उचित नहीं है।

वहीं नीट और युवाओं को सरकारी नौकरी न मिलने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि 22 लाख परिवार और 22 लाख बच्चे विभिन्न समस्याओं से प्रभावित हुए हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। इसके साथ ही 69 हजार शिक्षकों को अब तक नौकरी नहीं मिल सकी जबकि देश में बेरोज़गारी लगातार बढ़ रही है। देश में लगातार अनियमिता देखने को मिल रही है।बीजेपी लोगों का ध्यान मुद्दों से भटकाने के लिए दूसरे विषयों को उछाल रही है।

इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने पर सुरेंद्र राजपूत ने सवाल उठाया कि जब ट्रस्ट में पहले कर्मचारियों की नियुक्ति हुई थी, तब आवेदन क्यों नहीं मांगे गए। घोटाले के बाद अब इस प्रक्रिया का केवल प्रचार किया जा रहा है। सीईओ का पद पहले से ही भाजपा समर्थक विचारधारा के व्यक्ति के लिए तय किया गया है।

देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं की कथित बैठक पर कांग्रेस नेता ने कहा कि अटकलों और कयासों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। शरद पवार एक अनुभवी नेता हैं और पिछले दो वर्षों से उनके खिलाफ इस तरह की बातें कही जाती रही हैं, जो सही साबित नहीं हुईं।
साथ ही दलबदल की राजनीति पर राजपूत ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के सांसदों को तोड़ना लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस यूपी प्रभारी बनने के बाद लखनऊ पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, दलित-पिछ़डें व अल्पसंख्यकों से नफरत करती है बीजेपी, करेंगे खत्‍म

बता दें क  किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोमवार को बड़ा कदम उठाते हुए अपने सभी 18 हॉस्टल मेस में नॉन-वेज खाना पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। हालांकि, छात्र अपनी व्यक्तिगत पसंद के अनुसार बाहर से नॉन-वेज खाना ऑर्डर कर सकेंगे या स्वयं बना सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक ये फैसला राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हालिया निरीक्षण और निर्देशों के बाद लिया गया है। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. के.के. सिंह के अनुसार, राज्यपाल ने हॉस्टलों के निरीक्षण के दौरान नॉन-वेज पकाने वाली जगहों पर साफ-सफाई की कमी और स्वच्छता से जुड़ी अन्य चिंताओं पर नाखुशी जताई थी। इसके बाद स्टूडेंट वेलफेयर के डीन और चीफ प्रॉक्टर की सहमति से मेस में नॉन-वेज पर पूरी तरह रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस यूपी प्रभारी बनने के बाद लखनऊ पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, दलित-पिछ़डें व अल्पसंख्यकों से नफरत करती है बीजेपी, करेंगे खत्‍म