वंशराज दुबे ने कहा, 80 हजार भर्ती का शगुफा छोड़ने वाली योगी सरकार बताए कहां गईं नियुक्तियां

वंशराज दुबे

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में लंबित भर्तियों और खाली पदों पर नियुक्ति को लेकर आम आदमी पार्टी ने आज भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। आप के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने योगी सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक करने का आरोप लगाया है। वंशराज ने कहा है कि 80 हजार भर्ती का शगुफा छोड़ने वाली योगी सरकार जवाब दे कि आखिर युवाओं की नौकरियां कहां है।

बुधवार को अपने एक बयान में आप प्रवक्‍ता ने कहा कि अगस्त 2025 में शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर 80 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा किया गया था। जिसमें 55 हजार बेसिक और 18 हजार टीजीजी के पद शामिल थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “योगी सरकार अखबारों में हेडलाइन छपवाकर भूल जाती है। मार्च 2026 तक 1,93,000 शिक्षक भर्ती का वादा किया गया था, लेकिन आज जुलाई 2026 बीत रहा लेकिन धरातल पर एक भी नियुक्ति पत्र नहीं मिला। यह सरकार केवल विज्ञापन की सरकार है, समाधान की नहीं।” 80 हजार भर्ती का शगुफा छोड़ने वाली योगी सरकार जवाब दे कि नियुक्तियां कहां गईं।

यह भी पढ़ें- पेपर लीक पर छात्रों से संवाद कर रहे सांसद संजय सिंह को अधिकारियों ने रोका, हुई तीखी बहस

साथ ही सवाल किया कि एक तरफ केंद्र की परियोजना अनुमोदन बोर्ड रिपोर्ट कह रही है कि यूपी में 81,821 पद खाली हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार केवल 32,700 पदों पर भर्ती की बात करके लाखों टीईटी/सीटीईटी पास युवाओं की आंखों में धूल झोंक रही है। इस दौरान वंशराज दुबे ने ऐलान किया कि सरकार की इस वादाखिलाफी के खिलाफ अगस्त में आप के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1.93 लाख रिक्त पदों का हिसाब मांगा जाएगा।

बेरोजगार युवा खा रहे लाठियां

योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए  आप नेता ने आगे कहा, “योगी सरकार का एक ही मंत्र है, ‘झूठ बोलो और बार-बार बोलो’। यह सरकार भर्तियों के नाम पर लंबे-लंबे वादे तो करती है, लेकिन उन पर खरा उतरना तो दूर, भर्ती प्रक्रिया शुरू तक नहीं कर पाती। सरकार का काम केवल अखबारों में विज्ञापन देकर और टीवी पर बड़े-बड़े दावे करके इवेंट मैनेजमेंट करना है, जबकि धरातल पर बेरोजगार युवा लाठियां खा रहे हैं। 2018 से लेकर 2026 तक का इतिहास गवाह है कि इस सरकार ने केवल वादों की फेहरिस्त लंबी की है, युवाओं को नियुक्ति पत्र नहीं दिए।”

आठ सालों में नहीं निकाली एक भी नई शिक्षक भर्ती

इसके अलावा विधानसभा के आंकड़ों का हवाला देते हुए आप प्रवक्ता ने बताया कि 2018 से 2024 के बीच प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में लगभग 30 हजार शिक्षक सेवानिवृत्त हुए हैं। जबकि वर्षवार ब्योरा देते हुए कहा कि 2018 में 7956 से लेकर 2024 में 2707 शिक्षकों के रिटायर होने के बावजूद सरकार ने पिछले आठ सालों में एक भी नई शिक्षक भर्ती नहीं निकाली। दुबे ने सवाल किया कि जब पद लगातार खाली हो रहे हैं, तो सरकार किस आधार पर शिक्षक-छात्र अनुपात को ‘आदर्श’ बता रही है?

केवल कागजों पर अनुपात का खेल…

इतना ही नहीं आप प्रवक्ता ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग केवल कागजों पर अनुपात का खेल-खेल रहा है। हकीकत यह है कि सरकार रिक्त पदों को भरने के बजाय शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के भरोसे काम चला रही है। यहां तक कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने अगस्त 2024 में ही 68,500 शिक्षक भर्ती के रिक्त 27,713 पदों को भरने का आदेश दिया था, लेकिन सरकार ने उसे भी ठंडे बस्ते में डाल दिया।

सरकार के खिलाफ गूंजेगा इंकलाबी नारा

इस दौरान वंशराज दुबे ने चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के युवाओं को लावारिस नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा, “अगस्त 2026 में पूर्वांचल से शुरू होने जा रही छठे चरण की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा में प्रदेश का युवा योगी सरकार से पूछेगा कि हमारी 1.93 लाख भर्तियां कहां गईं? यदि सरकार ने सभी 81,821 रिक्त पदों और पुरानी लंबित भर्तियों पर तत्काल विज्ञापन जारी नहीं किया, तो प्रदेश का कोना-कोना सरकार के खिलाफ इंकलाबी नारों से गूंज उठेगा।”

यह भी पढ़ें- संजय सिंह ने कहा, चरम पर पहुंची यूपी में बेरोजगारी, युवाओं को मिल रहीं लाठियां-मुकदमे, निकालेंगे पदयात्रा