आरयू संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। बंथरा थाना क्षेत्र में दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला और वह कंटेनर के नीचे आ गया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच शुरू की।
मिली जानकारी के मुताबिक किशुनपुर कौड़िया गांव निवासी 25 वर्षीय संदीप पास के गांव में मजदूरी करता था। बुधवार दोपहर वह खाना खाने के बाद दोबारा काम पर जा रहा था। इस दौरान किशुनपुर कौड़िया गांव के सामने बनी-मोहनलालगंज रोड पर जुनाबगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संदीप बाइक समेत कंटेनर के नीचे आ गया।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर में हुआ दर्दनाक हादसा, मैजिक की ट्रक से टक्कर में भाईयों व टीचर सहित दस यात्रियों की मौत, चार घायल
इस दौरान एयर फोर्स स्टेशन मेमौरा की बस से गुजर रहे एयर फोर्स स्टेशन के कर्मचारियों ने हादसा देखा तो आनन-फानन में संदीप को कंटेनर के नीचे से निकाला। वह उसे जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल ले गए, लेकिन डाक्टरों ने जांच में संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची।
पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कंटेनर को भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू की। वहीं पुलिस ने हादसे की सूचना युवक के परिजनों को दी। जहां पता चला कि मृतक संदीप के माता-पिता का निधन काफी पहले हो चुका है। उसके परिवार में अब उसके भाई अमित, प्रदीप और अजीत हैं।












