आरयू वेब टीम। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 20 जुलाई को हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस की क्रूर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। खड़गे ने मोदी सरकार पर विद्यार्थियों के खिलाफ ‘‘बदले की भावना से कार्रवाई’’ करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अब गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा ले लेना चाहिए।
खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदर्शनकारी युवाओं पर बल प्रयोग किया। बाद में उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया, जबकि पहले यह आश्वासन दिया गया था कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्टकर कहा कि, नरेंद्र मोदी जी, दस दिन पहले आपकी सरकार ने युवाओं का लाठी-डंडे और पैलेट गन से दमन किया।
जब छात्रों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया तो अब आप बदले की भावना से उनपर एफआइआर करवा रहे हैं, जबरन हिरासत में ले रहे हैं। युवाओं ने आंदोलन इस शर्त पर वापस लिया कि उनपर कार्रवाई नहीं होगी, अब आपकी सरकारें अपनी ही जुबान से पलट गईं है। युवाओं के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लाक करवा रही है, बच्चियों की निजी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है।’
इतना ही नहीं ‘अहंकार इतना है कि गृह मंत्री अमित शाह ने संसद सदन में कदम तक नहीं रखा, एकाउंटबिलिटी के स्टेटमेंट से डरते रहे। अब ये सब फेस सेविंग और इमेज प्रोटेक्शन के हथकंडे नहीं चलेंगे, युवा आपका सच जान चुका है। थोड़ी सी भी शर्म बची है तो अमित शाह का इस्तीफा लीजिए।’
वहीं एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस नेता ने राम मंदिर चंदा चोरी पर सरकार को घेरा। साथ ही कहा कि ‘छात्रों के दमन और श्री राम मंदिर से चंदा चोरी पर मोदी सरकार जवाब दे !!’




















