आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को भ्रष्ट, जालिम और ‘पाप’ करने वाली पार्टी करार दिया है। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि भाजपा जब सत्ता से हटेगी तभी उत्तर प्रदेश के सारे संकट दूर होंगे। अखिलेश ने अपना तर्क देते हुए कहा कि अगर उपग्रहीय नक्शा निकालकर देखा जाए तो पता चलेगा कि जितने भी महत्वपूर्ण तालाब थे, उन सब पर भाजपा के भूमाफिया ने कब्जा कर लिया है।
अखिलेश ने रविवार को सपा मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत में सत्ताधारी भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा के ‘भाजपा में बी का मतलब है भ्रष्ट, जे का मतलब है जुल्म करने वाले और पी का मतलब है पाप करने वाले।’ साथ ही कहा कि सारे भ्रष्ट, जालिम और पाप करने वाले लोग भाजपा में हैं।
वहीं योगी सरकार का जिक्र करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बनाये गये तमाम एक्सप्रेस-वे भ्रष्टाचार की भेंट चढ गये हैं, चाहे वह लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे हो, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे हो या फिर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हो।
पूर्व सीएम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ”उत्तर प्रदेश में बस एक ही संकट है और वह है भारतीय जनता पार्टी। भाजपा जब हटेगी तो सब संकट दूर होंगे।” सपा प्रमुख ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में युवाओं पर हुए बल प्रयोग को लेकर भी भाजपा पर सवाल खड़े किये।
खुद बचने के लिये भाजपा ने किया अधिकारियों को आगे
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, ”जिन नौजवानों को लाठी पड़ी, उन्हें नहीं पता कि लाठीचार्ज किसने करवाया। लाठी चलाने वाले को पता है कि किसके ऑर्डर पर लाठी चली, मगर यह देखिये कि भाजपा सरकार को भी पता ही नहीं है कि लाठी किसके ऑर्डर पर चली थी? भाजपा वाले किसी के सगे नहीं हैं, उन्होंने खुद बचने के लिये अधिकारियों को ही आगे कर दिया।”
यह भी पढ़ें- अखिलेश का CM योगी पर तंज, अब पौधारोपण का कर दिया एनकाउंटर, अभियान को बताया चुनावी फंड वाला भ्रष्टारोपण
वहीं सपा सुप्रीमो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर रील बनाये जाने पर भी तंज किया। साथ ही एक सवाल पर कहा कि ‘रामधन’ चोरी का सारा माल भाजपा के पास जा रहा है तो उसे सफाई देनी चाहिये। प्रेसवार्ता के अंत में सपा के वरिष्ठ विधायक आलम बदी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया।




















