अखिलेश का CM योगी पर तंज, ‘अब पौधारोपण का ही कर दिया एनकाउंटर’, अभियान को बताया कागजी भ्रष्टारोपण

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार के पौधारोपण कार्यक्रम को अखिलेश यादव ने पूरी तरह से कागजी करार दिया है। सपा प्रमुख ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पौधाराेपण करते हुए तस्वीर पोस्टकर तंज कसते हुए कहा, ‘लो अब पौधारोपण का ही एनकाउंटर कर दिया! शुक्र तो ये मनाइए कि एक पेड़ तो लगा, भले वो मंच पर लगा दिया है, बाकी 34,99,99,999 तो कागजी फाइल में लगेंगे।’ साथ ही एथनाल युक्त पेट्रोल के मामले में केंद्र सरकार पर मुनाफाखोरी का भी आरोप लगाया है।

वहीं पौधारोपण संबंधी अपनी एक्स पोस्ट में सपा प्रमुख ने आगे लिखा कि ये पौधारोपण नहीं, भ्रष्टारोपण है, जिसके बहाने चुनावी-फंड की समानांतर व्यवस्था की जा रही है। इसके पीछे भी डबल इंजन की टकराहट ही मुख्य कारण है। ‘भाषण न सुनने के मूड’ वाले सार्वजनिक बयान के बाद जो एक-दो प्रतिशत छवि बची भी थी, उस पर भी ऐसे दिखावटी कृत्यों से इन्होंने खुद ही बुलडोजर चला दिया है।

वहीं एक बयान में एथनाल को लेकर कहा कि ये ‘सरकारी मिलावट’ का एक ऐसा त्रि-मिश्रण है, जिसमें सरकार, एथनाल बनाने वालों और तेल कंपनियों की साझेदारी है। सरकार ये नहीं बता रही है कि इससे माइलेज गिरता है और गाड़ियां जल्दी खराब हो रही हैं। कम एवरेज की वजह से तेल ज्यादा डलवाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार बताए कि मुनाफाखोरों के लिए वो जनता का शोषण क्यों कर रही है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश, भाजपाइयों के घपलों से अयोध्यावासियों को सहना पड़ रहा दुःख, डरा हुआ है चोरों का गिरोह

अखिलेश ने एक अन्य बयान में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस, पीडीए पर अत्याचार कर रही है। बलिया में थाने में पुलिस की पिटाई से दलित युवक की मौत शर्मनाक है। मेरठ में भी पुलिस का ऐसा व्यवहार सामने आया था, दलित बेटी ललिता गौतम के लिए न्याय की आवाज उठाने पर लाठी चार्ज किया। जब योगी सरकार के प्रमुख ही सरेआम एक मृतक की मां के साथ असंवेदनशील होने का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तो उनकी पुलिस से कोई उम्मीद करना बेमानी है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा के लिए राष्‍ट्र नहीं, चंदा है प्राथमिकता, जन्‍मदिन पर PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान का भी किया ऐलान