आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बसपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को बसपा से निष्कासित कर दिया है। अंटू मिश्रा पर बीएसपी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप है। इसकी जानकारी खुद मायावती ने दी।
मायावती ने जारी किए गए बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि वैसे भी अब जबकि खासकर उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल काफी गरमाया हुआ है।
पूरी जी जान से लगे रहना
इस दौरान नेता और कार्यकर्ताओं से मायावती ने कहा कि बसपा के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के सभी प्रकार के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकंडों से सावधान रहते हुए अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आम चुनाव में सफल बनाने में पूरे जी-जान से लगे रहना है, यही संदेश व अपील भी है।
यह भी पढ़ें- मायावती ने फिर आकाश आनंद के ससुर को किया बसपा से बाहर, कहा अब कतई नहीं होगी BSP में वापसी
इसके पहले बसपा सुप्रीमो ने अपने समधी यानी आकाश आनंद के ससुर एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ और पार्टी नेता रणधीर सिंह बेनीवाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। साथ ही स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी स्थिति में अब दोनों की पार्टी में वापसी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं पर अनुशासनहीनता और पार्टी के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के आरोप लगातार सामने आ रहे थे।


















