मायावती का यूपी चुनाव से पहले ब्राह्मण दांव, सतीश मिश्रा को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी ने भी अब ब्राह्मण दांव चला है। बसपा अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कहा कि बसपा के जनाधार को सर्वसमाज में मजबूत करने के साथ उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की घोषणा की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। मायावती ने दावा किया कि बसपा की सक्रियता से विरोधी दलों में बेचैनी है। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्र को कानूनी और मीडिया संबंधी कार्यों के साथ चुनाव आयोग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी है।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्टकर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम चल रहा है। उन्होंने ब्राह्मण समाज को भी पार्टी से जोड़ने और 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की रणनीति का संकेत दिया। मायावती ने कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों के कथित हथकंडों को लेकर सजग और सतर्क रहने की अपील भी की।

साथ ही यूपी की पूर्व सीएम ने कहा कि यूपी में आगामी विधानसभा आम चुनाव सन 2027 की तैयारियों के मद्देनजर बसपा के जनाधार को सर्वसमाज में बढ़ाने की जमीनी मजबूती के साथ पार्टी उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की पार्टी के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में घोषणा करने आदि की प्रक्रिया भी चल रही है, जिसको लेकर विरोधी पार्टियों में काफी बेचैनी है और सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और अन्य विरोधी पार्टियों में भी अब अनवरत बदलाव होना भी स्वाभाविक है।

आगे कहा कि वैसे बसपा ने सर्वसमाज में से खासकर ब्राह्मण समाज को भी पार्टी में उनकी सन 2007 की तरह बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी के हिसाब से, उन्हें बीएसपी उम्मीदवार बनाना जब से शुरू किया है तब से विरोधी पार्टियों में इसको लेकर चर्चा और चिंताएं दोनों होना स्पष्ट हैं, जिनके हथकंडों से ‘बहुजन समाज’ के लोगों को लगातार सजग व सतर्क रहने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने पूर्व मंत्री अंटू मिश्रा को भी किया बसपा से बाहर, लगाया ये आरोप

मायावती ने कहा कि बसपा के लंबे अरसे से चले आ रहे राष्ट्रीय महासचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता और बीएसपी शासनकाल में यूपी के महाधिवक्ता, उत्तर प्रदेश बार काउन्सिल के कई बार अध्यक्ष तथा बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं कई बार बसपा के राज्यसभा सांसद रहे सतीश चन्द्र मिश्र को पार्टी द्वारा लीगल और मीडिया आदि के साथ अब चुनाव आयोग संबंधी कार्यों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई जोकि खासकर आगामी विधानसभा आमचुनाव के दौरान कई मायने में इनकी अहम भूमिका रहेगी।

यह भी पढ़ें- सपा के PDA फॉर्मूले पर बोलीं मायावती, पी शब्द को पिछड़ा से बदलकर पंडित किए जाना राजनीतिक छल