मायावती ने कहा, वंदे मातरम पर सियासत की जगह जनहित के मुद्दों पर ध्यान दें सरकार

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। वंदे मातरम के गायन को लेकर राजनीतिक बहस के बीच यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने इसपर सवाल उठाए हैं। मायावती ने केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकारों के साथ सभी राजनीतिक दलों से बेरोजगार युवाओं, छात्र-छात्राओं और देश के कई हिस्सों में बाढ़ से हो रही जान-माल की क्षति जैसे गंभीर जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स पर पोस्टकर कहा कि देश में वंदे मातरम् गायन को पूरा गाना है या शुरू के दो छंद (पैरा) गाना है या नहीं गाना है, इसको लेकर जो इस समय में देश में राजनीति चल रही है, यह ठीक नहीं है और इस मामले में हमारी पार्टी का यही कहना है कि वंदे मातरम् गायन को लेकर अभी हाल ही में संसद में जो कानून पास किया गया है यह कोई पहली बार ऐसा नहीं हो रहा है।

क्योंकि केंद्र व राज्यों में भी सत्ता परिवर्तन के दौरान् सभी पार्टियां अपने राजनैतिक स्वार्थ/फायदे के हिसाब से या फिर अपनी कमियों पर से जनता का ध्यान बांटने के लिए यह सब करती रहती हैं अर्थात् एक-दूसरे के बने कानूनों को बदलती रहती हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में ‘जेन अल्फा’ का प्रदर्शन, स्‍कूल में शिक्षकों की कमी, भोजन समेत अन्य समस्याओं को सुधारने के लिए पारा में किया सड़क जाम

साथ ही मायावती ने कहा कि ”इस समय देश व जनहित के मुद्दों पर व खासकर बेरोजगार युवाओं व छात्र-छात्राओं ’जेन-जी’ व स्कूली बच्चे-बच्चियों की ’जेन-अल्फा’ एवं इस समय देश के कुछ भागों में भयंकर आई बाढ़ से हो रही जान-माल की हानि आदि के अनेकों और भी अति-महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र व सभी राज्य सरकारों को तथा साथ ही सभी राजनैतिक पार्टियों को भी सही से समुचित ध्यान देना चाहिये, यही वर्तमान में देश व जनहित में समय की सबसे जरूरी मांग भी है।”

यह भी पढ़ें- लखनऊ में मंत्री के आश्‍वासन के बाद भी स्‍कूल के हालात नहीं सुधर तो Gen Alpha ने खोला मोर्चा, आक्रोशित बच्चियों ने सड़क जामकर की CM-DM को बुलाने की मांग