बलात्कार की सजा काट रहे राम रहीम को फिर मिली 21 दिन की फरलो, 17वीं बार आया जेल से बाहर

राम रहीम सिंह
राम रहीम सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। पंजाब के चुनाव नजदीक आते ही एक बार फिर हरियाणा की भाजपा सरकार की कृपा बलात्कार की सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम पर बरसी है। गुरमीत को 17वीं बार बाहर आने की अनुमति दी गई है। जिसके बाद वह 21 दिन के लिए जेल से बाहर आ गया है।

गुरमीत राम रहीम की 21 दिन की फरलो मंजूर हुई है, जिसके बाद मंगलवार सुबह करीब छह बजकर पांच मिनट पर वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला। उसके काफिले में दो लैंड क्रूजर, दो फॉर्च्यूनर, दो इनोवा और दो पुलिस एस्कॉर्ट वाहन शामिल थे। सुबह करीब आठ बजे वह सिरसा स्थित डेरे में पहुंचा।

बता दें कि राम रहीम को अगस्त 2017 में साध्वियों से यौन शोषण के मामले में सजा हुई थी। नौ साल में यह 17वीं बार है, जब वह पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आया है। इस साल जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद 26 मई को 30 दिन की पैरोल दी गई। 30 दिन की पैरोल पूरी करने के बाद वह 25 जून को सुनारिया जेल वापस लौटा था।

यह भी पढ़ें- पत्रकार हत्याकांड में गुरमीत राम रहीम को हाई कोर्ट ने दी बड़ी राहत, किया बरी

वहीं राम रहीम की बार-बार होने वाली अस्थायी रिहाई को लेकर पहले भी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से सवाल उठते रहे हैं। इस बार 21 दिन की फरलो के दौरान वह जन्मदिन माह में डेरा सच्चा सौदा में रहेगा, जहां उसके अनुयायियों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारियां पहले से चल रही हैं।

यह भी पढ़ें- फिर जेल से निकल आया साध्वियों से बलात्कार व पत्रकार की हत्या का दोषी राम रहीम सिंह, 40 दिन की मिली पैरोल