आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणसी। नेपाल सीमा तक रेल सफर करने वाले पूर्वांचल के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बहराइच और नेपालगंज रोड के बीच बड़ी रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद रेलवे ने इस रूट पर यात्री ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। अब वाराणसी सिटी से गोरखपुर, बहराइच होते हुए ट्रेन सीधे नेपालगंज रोड तक जाएगी। नई व्यवस्था एक सितंबर से लागू होगी, जबकि 31 अगस्त को उद्घाटन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इससे वाराणसी, गोरखपुर, बहराइच और आसपास के क्षेत्रों से नेपाल सीमा तक पहुंचना आसान होगा।
रेलवे की नई व्यवस्था के तहत वाराणसी सिटी से गोरखपुर होते हुए बहराइच जाने वाली ट्रेन का विस्तार नेपालगंज रोड तक कर दिया गया है। एक सितंबर से 15132/15131 नंबर की ट्रेन प्रतिदिन वाराणसी सिटी और नेपालगंज रोड के बीच चलेगी। इसके साथ ही गोरखपुर-बहराइच के बीच चल रही 05131/ 05132 स्पेशल ट्रेन का संचालन समाप्त कर दिया जाएगा।
इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी को मिलाकर कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, नई सेवा की शुरुआत से पहले 31 अगस्त को उद्घाटन विशेष ट्रेन संचालित की जाएगी।
जानें ट्रेन का टाइम
15132 नंबर की ट्रेन वाराणसी सिटी से रात 10:35 बजे रवाना होगी। मऊ, भटनी और देवरिया के रास्ते यह ट्रेन अगले दिन भोर में चार बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से 4:10 बजे चलकर आनंदनगर, बढ़नी और बहराइच होते हुए सुबह 11:45 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी। वापसी में 15131 नंबर की ट्रेन नेपालगंज रोड से शाम 4:30 बजे चलेगी। बहराइच, बढ़नी और आनंदनगर होते हुए यह रात 12:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से 12:20 बजे रवाना होकर देवरिया, भटनी और मऊ के रास्ते अगले दिन सुबह 5:30 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- रेलवे ने राजधानी-महामना व समर स्पेशल सहित 18 ट्रेनों में बढ़ाए AC-स्लीपर कोच
वहीं रेलवे ने गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन को भी अतिरिक्त संचालन की मंजूरी दी है। 07076 नंबर की गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन छह, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर कानपुर सेंट्रल, भोपाल और नागपुर के रास्ते अगले दिन शाम 5:25 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।




















