आरयू वेब टीम। फोन, लैपटॉप या कंप्यूटर स्क्रीन का असर सिर्फ आंखों पर ही नहीं, बल्कि त्वचा पर भी पड़ सकता है। स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है। इसके कारण चेहरे पर समय से पहले फाइन लाइंस और झुर्रियां नजर आने लगती हैं। अगर आपका काम भी ऐसा है, जिसमें आपको कई घंटों तक स्क्रीन के सामने बैठना पड़ता है, तो कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है।
कुछ रिसर्च में यह भी पाया गया है कि स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट त्वचा की कोशिकाओं में कुछ बदलाव ला सकती है। इससे स्क्रीन एक्सपोजर त्वचा की एजिंग प्रक्रिया को तेज कर सकता है। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखकर त्वचा को हेल्दी बनाए रखा जा सकता है। जिस तरह आप त्वचा को यूवी किरणों से बचाने के लिए सनस्क्रीन लगाते हैं, उसी तरह ब्लू लाइट से होने वाले नुकसान से बचने के लिए स्किन केयर में ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन शामिल करें। यह काफी हद तक त्वचा को प्रोटेक्ट करने में मदद करती है।
जानें बचाव के उपाय
त्वचा को हेल्दी रखने के लिए उसमें नमी बनाए रखना जरूरी है। खासतौर पर अगर आप फोन या लैपटॉप का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, तो त्वचा को मॉइस्चराइज करने पर ध्यान दें। इसके लिए जेल बेस्ड या वाटर बेस्ड मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल कर सकते हैं। हयालूरोनिक मॉइस्चराइजर को बेस्ट माना जाता है।
यह भी पढ़ें- UP में मोबाइल एप द शैडो लॉन्च, छात्रों के साथ परछाईं की तरह रहेगा जुड़ा
काम करते समय या फोन चलाते हुए कोशिश करें कि चेहरा स्क्रीन से थोड़ा दूर रहे। इससे आंखों को भी कम नुकसान होता है और त्वचा भी ब्लू लाइट के संपर्क में कम आती है। लगातार काम करने के बजाय बीच-बीच में ब्रेक लेते रहें।
इस बात का भी ध्यान रखें कि त्वचा में अंदर से नमी बनी रहे। ड्राई स्किन ज्यादा संवेदनशील होती है और उस पर फाइन लाइंस जल्दी दिखाई दे सकती हैं। इसलिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इससे शरीर के टॉक्सिन बाहर निकलने में मदद मिलती है और त्वचा ग्लोइंग बनी रहती है।












