PM मोदी के 76वें जन्‍मदिन पर सुरेश खन्‍ना ने महात्‍मा गांधी की प्रतिमा साफ कर किया सफाई अभियान का शुभारंभ, जनता से भी की अपील

मोदी का जन्‍मदिन
सफाई अभियान की शुरूआत करते यूपी के वित्‍त मंत्री साथ में मेयर।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपनी 76 साल की उम्र पूरी कर ली है। इस मौके पर भाजपा के नेता मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ सरकारी अफसर भी बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिये अपनी पूरी जान लगा रहें हैं। आज इसी क्रम में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्‍ना ने हजरतगंज स्थित राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी, संविधान निर्माण बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की धुलाई करते हुए लखनऊ नगर के सफाई अभियान का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ की मेयर सुषम खर्कवाल भी मौजूद रहीं। मेयर व वित्‍त मंत्री ने राष्ट्रपिता व बाबा साहब के अलावा सरदार वल्लभभाई पटेल व वीरांगना अवंतीबाई की की प्रतिमा व उसके आसपास स्थित चबूतरों की सफाई और धुलाई करते हुए महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

यह भी पढ़ें- वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने KGMU में लगवाई कोरोना वैक्‍सीन की पहली डोज, प्रदेशवासियों से की अफवाहों से बचने की अपील

सुरेश खन्‍ना ने सफाई अभियान का शुभारंभ करते हुए लखनऊ की जनता से भी सफाई अभियान में शामिल होने को कहा है। भाजपा के मंत्री ने जनता को भी सफाई की जिम्‍मेदारी देते हुए कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। लोग इस अभियान से जुड़कर इसे आगे बढ़ाएं तथा अपने घर, मोहल्ले, बाजार, अन्‍य सार्वजनिक स्थलों के आसपास स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करें। जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को एक प्रभावी जनांदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

इसी तरह मार्गदर्शन करते रहें मोदी

वित्त मंत्री ने नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ईश्वर प्रधानमंत्री को उत्तम स्वास्थ्य देते हुए लंब उम्र दे। जिससे कि मोदी जी इसी तरह अपने नेतृत्व से देश और समाज का मार्गदर्शन करते रहें।

इस दौरान नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी व अन्‍य मौजूद रहें।