जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर BSF का वाहन पलटा, पांच जवान घायल

जम्मू-श्रीनगर

आरयू वेब टीम। रामबन जिले में शनिवार को जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षाबलों का एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण सड़क हादसे में सीमा सुरक्षाबल के पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार हादसा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर चंबा-सेरी के पास हुआ। बीएसएफ का ये वाहन जम्मू की ओर जा रहे सुरक्षाबलों के एक बड़े काफिले का हिस्सा था। सफर के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों की मदद से तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल हुए जवानों की पहचान कर ली गई है। घायलों में उप-निरीक्षक घर सिंह, चालक शमीम अहमद, आरक्षी सुनील कुमार, परशुतम कुमार और चंदन यादव शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चला रहे चालक शमीम अहमद की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। शमीम अहमद उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं अन्य चार घायल जवानों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- बडगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किया आतंकी, हथियार बरामद

यह दुर्घटना जम्मू-श्रीनगर हाईवे के एक बेहद संवेदनशील और व्यस्त हिस्से पर हुई है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सड़क की खराब स्थिति या वाहन में आई किसी तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की विस्तृत जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- जम्मू-श्रीनगर NH पर दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरा वाहन खाई में गिरा, दस की मौत