अब CM योगी ने लगाया आरोप, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रहे विपक्षी दल

सीएम योगी
मीडिया बात करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विपक्षी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। योगी ने ईवीएम और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर विपक्ष के सवालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।

मीडिया से बातचीत में देश का मुख्य विपक्षी दल और यूपीए से जुड़े दूसरे दलों पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि विपक्ष की मौजूदा बयानबाजी गैर जिम्मेदाराना है और वह एसआइआर को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आरजेडी एसआइआर को लेकर हायतौबा मचा रहे हैं।

साथ ही यूपी के सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में शासन किया है, लेकिन अब वही लगातार चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर रही है। विपक्ष का रवैया सिर्फ चुनाव आयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश की कई संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कोशिश कर रहा है। योगी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने ईवीएम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर भी प्रतिक्रिया दी।

यह भी पढ़ें- वरुण विहार व नैमिष नगर योजना का CM योगी ने किया शुभारंभ, 4520 प्लॉट का रजिस्ट्रेशन शुरू

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए योगी ने कहा कि जिस ईवीएम के जरिए कांग्रेस की कई राज्यों और केंद्र में सरकार बनी, उसी ईवीएम को अब ‘ब्लैक बॉक्स’ कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। सीएम ने राहुल गांधी के कैग और ईवीएम को लेकर दिए गए बयानों का भी जिक्र कर कहा कि 2019 के राफेल मामले में भी कैग को लेकर सवाल उठाए गए थे। वहीं 1975 की इमरजेंसी का जिक्र कर योगी ने कहा कि उस दौर में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया गया और कई राज्यों में चुनी हुई सरकारों को गलत तरीके से हटाया गया।

यह भी पढ़ें- CM योगी का तंज, विपक्ष गिनता जाए सरकार देती जाएगी नियुक्तियां