आरयू वेब टीम। महीने की शुरुआत ही महंगाई के झटके के साथ हुई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही दिल्ली में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये से बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में इससे पहले सितंबर में भी 9.50 रुपये का इजाफा किया गया था। उस बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,747.50 रुपये तक पहुंच गई थी। अब अक्टूबर में एक बार फिर कीमत बढ़ने से उन कारोबारों का खर्च बढ़ सकता है, जो खाना पकाने के लिए बड़े सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।
इसका असर आगे खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। सुबह की चाय-नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक की लागत बढ़ सकती है। शादी-ब्याह और दूसरे आयोजनों में कैटरिंग का खर्च भी बढ़ने की संभावना है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस साल कई बार बदलाव हुआ है। सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 195.50 से 214 रुपये तक प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद मई में भी दाम बढ़ाए गए और एक ही बार में कीमतें 993 रुपये प्रति सिलेंडर तक बढ़ गई थीं। जून में भी 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई।
यह भी पढ़ें- महीने के पहले ही दिन जनता को झटका! 19 किलो वाले LPG के दाम में 42 रुपये तक का इजाफा
हालांकि, जुलाई से तस्वीर बदली और तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की। इसके बाद दिल्ली में कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई थी। अगस्त में भी 192 से 209 रुपये तक की भारी कटौती की गई, जिसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 2,728 रुपये और मुंबई में 2,691.50 रुपये का हो गया था। सितंबर में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी और अब अक्टूबर में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कीमत 2,810 रुपये पहुंच गई है।




















