आरयू वेब टीम। टीम इंडिया को अपना नया चीफ सिलेक्टर मिल गया है। अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब चयन समिति की कमान पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा के हाथों में सौंप दी गई है। बीसीसीआइ ने सोमवार को आधिकारिक ऐलान करते हुए बताया कि रमेश पवार को भी सिलेक्शन कमिटी में शामिल किया गया है।
बोर्ड ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी (सीएसी) ने पुरुष चयन समिति के एक सदस्य की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की, बीसीसीआइ मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू हुआ, जिसके बाद उन्होंने सर्वसम्मति से रमेश पवार को नियुक्त करने की सिफारिश की। अब देखना ये होगा कि सीनियरिटी के आधार पर कमेटी की अध्यक्षता संभाल रहे प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार की यह नई जोड़ी टीम इंडिया के भविष्य के लिए कौन से धमाकेदार फैसले लेती है।
यह भी पढ़ें- CSK ने BCCI से की RCB की शिकायत, डोसा-इडली वाले गाने के माध्यम से अपमानित करने का लगाया आरोप
बीसीसीआइ की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी ने अजीत अगरकर का कार्यकाल पूरा होने के बाद पुरुष चयन समिति में अहम बदलाव किए हैं। सीएसी के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने बीसीसीआइ मुख्यालय में आवेदकों के इंटरव्यू लेने के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पवार को पुरुष चयन समिति का नया सदस्य नियुक्त करने की सर्वसम्मति से सिफारिश की है।
रमेश पवार का क्रिकेट व कोचिंग सफर
रमेश पवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। खेल से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में बड़ी भूमिकाएं निभाई। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के साथ-साथ मुंबई और गुजरात की टीमों के भी हेड कोच रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी भी संभाली है। महिला टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम को एशिया कप का खिताब और कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक दिलाया था।
अजीत अगरकर के कार्यकाल को सराहा
वहीं जुलाई 2023 में चीफ सिलेक्टर पद संभालने वाले अजीत अगरकर के नेतृत्व में भारतीय पुरुष चयन समिति ने बेहद शानदार दौर देखा है। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और बैक-टू-बैक एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक अपने नाम किए। बीसीसीआइ ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान, प्रतिबद्धता और शानदार प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की है।
नई पुरुष चयन समिति के सदस्य
• प्रज्ञान ओझा (चीफ सिलेक्टर)
• शिव सुंदर दास
• आरपी सिंह
• अजय रात्रा
• रमेश पवार




















