टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन

क्रिकेटर सलीम दुर्रानी

आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट टीम और उनके चाहने वालों के लिए रविवार की सुबह अच्छी नहीं रही। भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर स्पिन ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे। सलीम ने गुजरात के जामनगर में आखिरी सांस ली।

दर्शकों की मांग पर लगाते थे छक्का

उनके पारिवारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। वो कैंसर से जूझ रहे थे। वहीं आइपीएल के बीच दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के निधन की खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दुर्रानी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते थे। स्टेडियम में मैच देखने आने वाले दर्शकों के साथ उनका एक विशेष तालमेल नजर आता था। वह इस बात के लिए प्रसिद्ध हो गए थे कि वे दर्शकों की मांग पर छक्के लगाते थे।

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित पहले भारतीय क्रिकेटर 

सलीम दुर्रानी का जन्म अफगानिस्तान में हुआ था। बाद में उनके माता-पिता कराची आकर बस गए थे, हालांकि भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के समय वे भारत आ गए थे। दुर्रानी पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे लगान फेम जावेद अमरोही, 70 की उम्र में निधन

बता दें कि काबुल में जन्में सलीम दुर्रानी ने भारत के लिए अपना पहला टेस्ट मैच एक जनवरी 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला था। यह उनका डेब्यू मैच था। दुर्रानी ने भारत के लिए लगभग 13 साल क्रिकेट खेला है। इस दौरान उन्होंने खेले गए 29 टेस्ट में 25.04 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 1202 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से एक शतक और सात अर्धशतक देखने को मिले हैं।

सलीम ने 1960 में मुंबई टेस्ट में डेब्यू किया था। वह छक्के लगाने के लिए ज्यादा मशहूर हैं। सलीम ने आखिरी टेस्ट फरवरी 1973 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सलीम ने फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया। वह बॉलीवुड फिल्म ‘चरित्र’ में भी काम कर चुके हैं। इस फिल्म में सलीम के साथ परवीन बॉबी थीं।

यह भी पढ़ें- फिल्म डायरेक्टर प्रदीप सरकार का निधन, 68 साल की उम्र में ली आखिरी सांस