आरयू वेब टीम। दिल्ली-एनसीआर में ठंड से पहले ही जहरीली हुई हवा लगातार चिंता बढ़ा रही है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) खराब से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। जबकि लोनी का एक्यूआइ 309 जोकि सबसे खराब श्रेणी में आता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं 23 अक्टूबर से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने का अनुमान है और ये 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, 25 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। जबकि आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
इसके अलावा 24 और 25 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस बीच प्रदूषण का बढ़ता स्तर चिंता का विषय बना हुआ है। तापमान में गिरावट और हवा की खराब गुणवत्ता के बीच लोगों को बदलते मौसम के साथ प्रदूषण से भी सावधान रहने की जरूरत है।
इस दौरान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के आंकड़ों की बात करें तो, गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक्यूआइ 309 दर्ज किया गया है, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। जिले के दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। वेब सिटी में एक्यूआइ 217, संजय नगर में 204, वसुंधरा में 203 और इंदिरापुरम में 195 दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- राजधानी की जहरीली हवा पर बोले CJI सूर्यकांत, अमीर पैदा करते प्रदूषण, गरीब भुगतता है इसका सबसे ज्यादा खामियाजा
दिल्ली में भी कई इलाकों की हवा खराब श्रेणी में है। बवाना में एक्यूआइ 237 और चांदनी चौक में 211 दर्ज किया गया। आया नगर में यह 161, बुराड़ी क्रॉसिंग में 152 और बुराड़ी में 126 रहा। कैंटोनमेंट एरिया में एक्यूआइ 126 और आनंद विहार में 120 दर्ज किया गया।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआइ 235 और नॉलेज पार्क-5 में 201 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदूषण की समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि एनसीआर के कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।




















