आरयू इंटरनेशनल डेस्क। चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप आने से 16 लोगों की मौत हो गई और 65 अन्य लोग घायल हो गए, जिसके बाद राहत बचाव टीम ने 12,000 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इस भीषण भूंकप से जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।
प्राधिकारियों ने शुक्रवार को ये जानकारी देते हुए कहा कि गुरुवार रात करीब दस बजकर 33 मिनट (स्थानीय समय) पर नागकू शहर की बाकेन काउंटी में भीषण भूंकप आया। भूकंप का केंद्र जमीन से दस किलोमीटर से भी कम गहराई पर था। भूकंप का झटका महसूस होते ही पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। मकान और गाड़ियां हिलने लगी। लोग जान बचाने के लिए घरों और होटलों से निकलकर बाहर भागने लगे। भूकंप के झटकों से उत्तरी क्षेत्र के नागकू शहर में सैकड़ों घर ढह गए हैं।
शहर के भूकंप राहत मुख्यालय ने शुक्रवार को बताया कि घायलों में से 11 की हालत गंभीर है, जबकि 54 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने क्षेत्रीय राजधानी ल्हासा से खबर दी कि अब तक 12,489 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने बचाव, अभियान चलाने और उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने का काम जारी है। भूकंप में 330 से अधिक मकान ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- नेपाल त्रासदी के बीच भारत-चीन में आया भूकंप, डरे लोग
चाइना रेलवे छिंगहाई-तिब्बत ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने बताया कि प्रभावित हिस्से में छिंगहाई-तिब्बत रेलवे पर यात्री ट्रेनों का परिचालन शुक्रवार सुबह कम गति से फिर शुरू कर दिया गया। ‘स्टेट ग्रिड तिब्बत इलेक्ट्रिक पावर कंपनी लिमिटेड’ ने बताया कि शुक्रवार सुबह दस बजे (स्थानीय समय) तक भूकंप प्रभावित बाकेन काउंटी में 1,937 घरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
की जा रही राहत सामग्री वितरित
इस दौरान विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की ओर से आवंटित राहत सामग्री भूकंप प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने लगी है। इसमें पहले से तैयार 1,000 आवासीय इकाइयां, 3,200 से अधिक तंबू, 2,800 से ज्यादा तह किए जा सकने वाले बिस्तर और रजाइयां, स्टोव तथा कपड़ों जैसी रोजमर्रा की जरूरत की अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
बर्फबारी होने का पूर्वानुमान
स्थानीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के केंद्र के आसपास के क्षेत्र की औसत ऊंचाई 4,800 मीटर से अधिक है। अगले तीन दिनों में तापमान गिरकर शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंचने का अनुमान है। भूकंप के केंद्र के पास स्थित तीन टाउनशिप में शनिवार को रुक-रुककर बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान है।



















