पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले की पांच गाड़ियां-एंबुलेंस टकराईं, कई घायल, बाल-बाल बचे कांग्रेस नेता

राहुल गांधी
हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं। एक्सप्रेसवे पर 91 किलोमीटर माइलस्टोन के पास काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और सुरक्षा से जुड़े कई लोगों के घायल होने की खबर है। राहत की बात ये रही कि राहुल गांधी सुरक्षित हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। राहुल सुल्तानपुर एनपी एमएलए कोर्ट में पेश होने के लिए दिल्ली से फ्लाइट के जरिए लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और इसके बाद वह गाड़ी से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए। तभी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे राहुल गांधी के काफिले में शामिल पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें- शहीद पथ पर अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आई IPS अफसर की गाड़ी, बाल-बाल बचे DIG हेमराज मीणा

हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक घायलों की सटीक संख्या, उनकी चोटों की गंभीरता और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। हादसा कैसे हुआ और क्या किसी वाहन के अचानक रुकने या अन्य कारण से टक्कर हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हालांकि काफिले की गाड़ियों में टक्कर के बीच राहुल गांधी के सुरक्षित पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मानहानि केस में MP-MLA कोर्ट ने किया बरी

वहीं सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट राहुल गांधी को बरी कर दिया है। यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी की एक प्रेसवार्ता में दिए गए बयान से जुड़ा है। जिसमें तत्कालीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने वर्ष 2018 में कांग्रेस नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी को लेकर मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया राहुल गांधी का स्वागत

इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जिला प्रशासन ने राहुल गांधी के दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जबकि कांग्रेस समर्थक उनका स्वागत करने के लिए कई जगहों पर इकट्ठा हुए।

यह भी पढ़ें-  लखनऊ में राहुल गांधी की विवादित होर्डिंग लगने से कांग्रेसियों में रोष, बाजारखाला कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत