प्रयागराज-वाराणसी समेत UP के कई जिलों में होगी बारिश, बुधवार से बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 28 अक्टूबर (बुधवार) से उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक वाराणसी व प्रयागराज समेत यूपी के कई जिलों में मौसम बिगड़ेगा और कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ ने विशेष संदेश जारी कर कहा कि 28 अक्टूबर से प्रदेश में बेमौसम बारिश की संभावना है। मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि मौसम का असर जिले और दिन के हिसाब से अलग-अलग रह सकता है।

28 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 31 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। बलिया, वाराणसी और प्रयागराज समेत पूर्वांचल के जिलों में मौसम के अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें- नेपाल जा रही फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट, मौसम की खराबी बनी वजह

वहीं बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 29 से 31 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में गहराया चक्रवाती तूफान का खतरा, सात राज्यों में बदलेगा मौसम, चेतावनी जारी