आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता की अप्रतिम मिसाल थे। उनका जीवन दर्शन हम सबके लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। यह बातें सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर आज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर उन्हें याद करते हुए कही। केशव मौर्या ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन करने के साथ ही जनता को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर केशव मौर्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय एकता की अप्रतिम मिसाल हैं। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस एवं कूटनीतिक दूरदर्शिता के बल पर सैकड़ों रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री के रूप में देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण और किसानों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष से आज भी देशवासियों को प्रेरणा मिलती है।
यह भी पढ़ें- नरेंद्र मोदी के नाम से पहचाना जाएगा अहमदाबाद का मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम, राष्ट्रपति ने किया उद्धाटन
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उनका जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक है और हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने विविधता में एकता की भावना को साकार करते हुए सशक्त, संगठित एवं अखंड भारत की नींव रखी। देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके द्वारा किए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में…
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी इस मौके पर जमकर तारीफ करते हुए केशव मौर्या ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल की स्मृतियों को संजोने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। गुजरात में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके अद्वितीय व्यक्तित्व, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि जीवन में एक बार ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ अवश्य जाएं और सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के योगदान से प्रेरणा लें।
यह भी पढ़ें- सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर CM योगी ने पंडित जवाहर लाल नेहरू को ठहराया कश्मीर विवाद का जिम्मेदार
इसके अलावा प्रदेश सरकार सरदार पटेल के सपनों को साकार करने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे कार्यक्रम राष्ट्र की एकता, अखंडता और समरसता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ ही देशवासियों में राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।




















