एयर इंडिया की फ्लाइट को मिली हाइजैक की धमकी,  मचा हड़कंप

एयर इंडिया

आरयू वेब टीम। कोलकाता से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट के वॉशरूम में हाईजैक करने की धमकी का नोट मिलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद आनन-फानन में यात्रियों को विमान से उतारा गया। साथ ही एयर इंडिया के एयरक्राफ्ट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया है। जबकि धमकी भरे नाेट की भी सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं।

दरअसल कोलकाता एयरपोर्ट से इस फ्लाइट को बुधवार को सुबह दस बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरनी थी, लेकिन एयरक्राफ्ट के वॉशरूम में धमकी भरा नोट मिला। नोट में लिखा था कि 11:10 बजे हाईजैक कर लेंगे। विमान के अंदर नोट मिलने से एयरपोर्ट अथॉरिटी समेत यात्रियों में हड़कंप मच गई। वहीं क्रू मेंबर ने इसकी सूचना पायलट को दी। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्राेल को अलर्ट किया। इसके बाद यात्रियों को फ्लाइट से उतारा और एयरक्राफ्ट को  एयरपोर्ट के एक आइसोलेशन बे में पार्क कर दिया।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया फ्लाइट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, अयोध्या एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

जानकारी के मुताबिक कोलकाता-मुंबई एएर इंडिया की इस फ्लाइट में कुल 93 यात्री सवार थे। इसके अलावा पांच क्रू मेंबर भी थे। एयर इंडिया का एयरबस A320Neo ने कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर ली थी। बिल्कुल अंतिम क्षणों में टॉयलेट में जब धमकी भरा नोट मिला तो यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ान को रोका गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया। प्लेन विस्तारा की लिवेरीर के साथ ऑपरेट कर रहा था।

जांच में जुटी हैं एजेंसियां

वहीं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षाबल, बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विमान और यात्रियों के सामान की सघन तलाशी ली गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट और विमान के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह संदेश किसने लिखा। अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कोई आधिकारिक बयान नहीं साझा किया है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, रनवे से लौटा विमान, यात्रियों में मचा हड़कंप