जेल में शिवपाल ने की आजम खान से मुलाकात, भाजपा सरकार पर लगाया परिवार का उत्‍पीड़न करने का आरोप

शिवपाल यादव
मीडिया से बात करते शिवपाल यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव से पहले हर राजनीतिक दलों में कवायद देखने को मिल रही है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे। जहां जेल में बंद सपा के कद्दावर नेता आजम खान से मुलाकात की। योगी सरकार पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन व परिवार के उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।

दोनों नेताओं की करीब दो घंटे तक चली मुलाकात के दौरान जेल के बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने जेल प्रशासन और भाजपा सरकार पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन व आजम खान के परिवार के उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया। साथ ही शिवपाल ने 2027 में सपा की सरकार बनने पर जेल में जाली लगाकर मुलाकात कराने की व्यवस्था खत्म करने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें- आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की कार्रवाई, 1,170 करोड़ की संपत्तियां अटैच

वहीं मीडिया से बातचीत करते शिवपाल ने कहा कि आजम खान और उनके पूरे परिवार का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। सपा नेता के अनुसार जेल में उन्हें प्रोटोकॉल के मुताबिक मुलाकात नहीं करने दी गई और बीच में जाली लगाकर बात कराई गई, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें केवल कोर्ट से ही राहत की उम्मीद है। शिवपाल ने कहा कि साल 2027 में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, तो जेलों में मुलाकात के दौरान लगाई जाने वाली इस जाली को खत्म कराया जाएगा।

परिवार को बनाया जा रहा निशाना

इस दौरान शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार को केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि वे समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने इसे भाजपा की साजिश करार दिया। जबकि शिवपाल ने मुलाकात के दौरान आजम खान के साथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है। उन्होंने स्पष्ट दावा किया कि सपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।

…भाजपा को समर्थन देना गठबंधन का मकसद

इसके अलावा असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के आज हुए गठबंधन पर भी प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने और गठबंधन करने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने इस गठबंधन की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह गठबंधन भाजपा को समर्थन देने के मकसद से किया गया है। इसके अलावा धार्मिक मुद्दे पर भी शिवपाल ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भगवान सबके हैं और किसी भी व्यक्ति को कहीं भी पूजा करने का पूरा अधिकार है।

यह भी पढ़ें- ओवैसी-चंद्रशेखर के मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव, लखनऊ में किया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान