पिकनिक से लौट रही स्कूली बस को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत, 21 घायल

स्कूली बस
हादसे में क्षतिग्रस्त बस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कन्नौज में आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसा हो गया है। पिकनिक मनाकर घर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार में आया आलू से लदा ट्रक बस में जा घुसा। इस हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक से वापस कौशांबी लौट रहे थे। तभी सफर के दौरान बच्चों को टॉयलेट जाना था। इसी वजह से आज सुबह आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास बस को सड़क किनारे रोक दिया गया। बच्चे और शिक्षक बस में ही थे। इसी दौरान आगरा की तरफ से आलू लादकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक बस से जा टकराई। ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे सीटों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के बीच फंस गए। चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सड़क से गुजर रहे लोगों ने बच्चों की आवाज सुनी तो वे मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद करने के साथ पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग बस हादसों में 40 यात्री घायल

सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया। हादसे में चार छात्रों की जान चली गई, जबकि 21 बच्चे घायल हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 18 वर्षीय रजीउल्ला, 17 वर्षीय जैद मिर्जा और 17 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है। चारों छात्र कौशांबी और फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। उनके शव मेडिकल कॉलेज तिर्वा में रखे गए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और बस की टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस सड़क किनारे खड़ी थी और पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मारी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें-  पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़ी पिकअप में घुसी एंबुलेंस, शव ले जा रहे पांच लोगों की मौत