आरयू इंटरनेशनल डेस्क। तुर्की में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस भूकंप में तुर्की की कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं, वहीं 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जाते हैं। भूकंप इतना तीव्र था कि इसके झटके पड़ोसी मुल्कों इराक, सीरिया और लेबनान में भी महसूस किए गए।
वहीं बचाव दल शनिवार को भी ढह गई इमारतों के मलबे में से जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे रहे। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 की गई। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे आया। इसका दायरा सिवरिस शहर में दस किलोमीटर के क्षेत्र में ज्यादा था।
यह भी पढ़ें- भूकंप के झटके से डोला उत्तराखंड, रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई तीव्रता
रिपोर्ट के मुताबिक 40-40 सेकंडस के अंतर में 60 झटके महसूस किए गए। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भूकंप से करीब दस बिल्डिंग जमींदोज हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वी इलाजिग प्रांत में हुआ है। भूकंप की वजह से करीब 500 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। भूकंप के बाद आफ्टरशॉक की आशंका के चलते लोगों को टूटी बिल्डिंगों के पास जाने से रोका गया है। वहीं तुर्की के गृह मंत्री सुलेमान सोयलू ने बताया भूकंप का केंद्र पूर्वी तुर्की में स्थित एलाजिग प्रांत के सिवरिस कस्बे में था। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बताते चलें कि तुर्की में सबसे खतरनाक भूकंप 1999 में आया था, तब यहां 18 हजार लोगों की मौत हुई थी। दस साल पहले एलाजिग में छह तीव्रता के भूकंप से 51 लोगों की जान चली गई थी। तुर्की में 22 जनवरी को भी भूकंप आया था।