आरयू वेब टीम। पंजाब में आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। सौ करोड़ से अधिक के कथित फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग केस में करीब सात घंटे लंबी चली रेड के बाद ईडी ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी चंडीगढ़ में संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास से कई गई है।
वहीं संजीव अरोड़ा के साथ ही उनके बेटे की भी गिरफ्तारी की सूचना है। अरोड़ा के चंडीगढ़ समेत कई ठिकानों पर ईडी ने आज सुबह रेड की थी। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई पांच परिसरों में की गई, जिनमें आप के नेता अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी शामिल है। साथ ही छापेमारी दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम स्थित परिसरों में भी की गई। इनमें ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ नामक कंपनी का परिसर भी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किए जाने के बाद ये छापेमारी की गई। दरसअल ईडी ने अप्रैल में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के दीवानी प्रावधानों के तहत अरोड़ा और उनसे जुड़ी इकाइयों के परिसरों पर छापे मारे थे। अरोड़ा (62) लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शनिवार को छापेमारी किए जाने के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सीएम मान ने भाजपा-नीत केंद्र सरकार पर अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) जैसी एजेंसियों को ‘हथियार’ के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री ने संगरूर में एक मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआइ और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां भाजपा के पास मौजूद वे चार-पांच हथियार हैं, जिनका राजनीति करण कर दिया गया है।


















