एक्टर पवन कल्याण की घोषणा, आगामी चुनाव में उनकी पार्टी TDP से करेगी गठबंधन

एक्टर पवन कल्याण
मीडिया को गठबंधन की जानकारी देते एक्टर।

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव के साथ आयोजित होने वाले आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गईं हैं। अब इस राज्य की सत्ता में बैठे जगनमोहन रेड्डी को चुनौती देने के लिए दक्षिण भारत के पॉपुलर एक्टर और नेता पवन कल्याण ने नया दांव चल दिया है। पवन कल्याण ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए नए गठबंधन की घोषणा कर दी है।

एक्टर पवन कल्याण ने आज 2024 में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जन सेना पार्टी और चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के गठबंधन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के कुछ ही दिनों बाद पवन कल्याण ने ये बड़ी घोषणा की है। एक्टर ने कहा कि आंध्र प्रदेश अब जगन रेड्डी को नहीं झेल सकता।

आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के साथ ही विधानसभा चुनाव भी आयोजित होंगे। पवन कल्याण की जन सेना फिलहाल भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए का हिस्सा है। भाजपा ने अबतक पवन कल्याण द्वारा टीडीपी के साथ गठबंधन के ऐलान पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले पवन कल्याण की पार्टी ने 2019 चुनाव के समय बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया था।

यह भी पढ़ें- विपक्षी गठबंधन ने बनाई 13 सदस्यों की कोआर्डिनेशन कमेटी, दिया जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया नारा

मालूम हो कि तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी पर उनके समर्थक राज्य में कई जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, कई राजनीतिक दलों ने भी नायडू की गिरफ्तारी का विरोध किया है। दरअसल कौशल विकास निगम घोटाले के मामले में गिरफ्तार आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- #AllianceINDIA: दिल्ली HC का केंद्र, चुनाव आयोग व विपक्षी दलों को नोटिस