होटल में छापा मार पुलिस ने शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत को ड्रग्स लेने के आरोप में हिरासत में लिया

ड्रग्स केस

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड एक्टर शक्ति कपूर के बेटे और श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को पुलिस ने हिरासत में लिया। सिद्धांत को ड्रग्स लेने के आरोप में बेंगलुरु पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु के एमजी रोड में एक होटल में छापेमारी के बाद सिद्धांत सहित छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जोकि होटल में पार्टी कर रहे थे। ये सभी ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।

पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु के एमजी रोड पर एक होटल पर छापा मारा था। यहां एक पार्टी चल रही थी। छापे के बाद पुलिस ने ड्रग्स के सेवन के संदेह में 35 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे थे। सिद्धांत कपूर का नमूना उन छह में से एक था जो पॉजिटिव मिला। पुलिस ने बताया है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए आरोपितों ने ड्रग्स का सेवन किया और पार्टी में आए या होटल में ही उसका सेवन किया।

यह भी पढ़ें- बहुचर्चित ड्रग्स केस में आर्यन खान को बड़ी राहत, NCB ने दी क्लीन चिट

सिद्धांत कपूर भी एक अभिनेता हैं। वे 2020 में वेब सीरीज ‘भौकाल’ में ‘चिंटू डेढ़ा’ के किरदार में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है। इसमें- शूटआउट एट वडाला, अग्ली, हसीना पारकर, चेहरे जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने भागम भाग, चुप चुप के, ढोल जैसी फिल्मों में सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया है।

यह भी पढ़ें- राजधानी में पकड़ी गई ड्रग्स की बड़ी खेप, 62 किलो हेरोइन व 50 लाख कैश बरामद