अखिलेश ने भाजपा से पूछा, “नोटबंदी से जनता का क्या हुआ फायदा, समाजवादी परफ्यूम भी किया लांच”

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को नोटबंदी के पांच वर्ष पूरा होने पर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने जो सपने दिखाए थे वह अधूरे रह गए। उसके प्रयास से सिर्फ देश के अमीरों को फायदा हुआ है। इस दौराना समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कानपुर देहात के झींझक में नोटबंदी की लाइन में जन्मे खजांची नाथ का जन्मदिन भी मनाया। इस मौके पर अखिलेश यादव के साथ ही सपा के नेताओं ने भी खजांची नाथ को गिफ्ट भेंट किया। साथ ही अखिलेश ने ने समाजवादी परफ्यूम भी लांच किया।

सपा मुखिया ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा बताए कि नोटबंदी से जनता का क्या फायदा हुआ है। नोटबंदी के दौरान तमाम लोगों की जान चली गई, लेकिन सिर्फ समाजवादी पार्टी ने ही ऐसे पीड़ित परिवारों की मदद की है। उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को लाभ देने के बजाय उन्हें टायरों से कुचला जा रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार कानून-व्यवस्था को ध्वस्त कर रही है। भाजपा सभी संस्थाओं को ध्वस्त करने का काम कर रही है, इसलिए 2022 में बदलाव होकर रहेगा। उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।

आयोग के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन

अखिलेश यादव ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब मतदाता सूची के प्रकाशन के समय नए जुड़े मतदाता व काटे गए नामों की सूची राजनीतिक दलों को नहीं दी गई है। इससे साफ नहीं हो पा रहा है कि कितने लोगों का नाम काटा गया और कितने लोगों का नाम जोड़ा गया है। उन्होंने एलान किया कि आयोग ने अगर मतदाता सूची नहीं दी तो समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। सपा सुप्रीमो ने कहा कि मतदाता सूची में 21 लाख 56,262 नाम जोड़े गए हैं और 16 लाख 42 हजार 756 नाम काटे गए हैं। इनमें से जो नाम काटे गए और जोड़े गए उन नामों की सूची जारी की जाती है। इस बार चुनाव आयोग ना जाने किसके दबाव में यह सूची जारी नहीं कर रहा है।  अगर चुनाव आयोग ने यह सूची नहीं जारी की तो हम चुनाव आयोग के खिलाफ धरना भी देंगे। चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ धरना देगी। संशोधन के नाम पर मतदाता सूची से 16 लाख से ज्यादा काटे गए नामों का ब्यौरा नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश के अफसरों को आयोग में जानबूझ का तैनात किया गया है, चुनाव आयोग के काम पर भी बड़ा सवाल उठ रहा है।

यह भी पढ़ें- इस बार अखिलेश नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, खुद किया ऐलान, चाचा शिवपाल के लिए भी कही ये बातें

इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी परफ्यूम लांच किया। सपा एमएलसी पुष्पराज जैन ने कहा कि इस परफ्यूम से 2022 में नफरत खत्म हो जाएगी। पुष्पराज जैन ने बताया कि इस इत्र को तैयार करने में दो वैज्ञानिकों ने चार महीने का समय लिया है। इसके निर्माण में कश्मीर से कन्याकुमारी तक 22 तरह के प्राकृतिक इत्र का प्रयोग किया है। इसका प्रयोग करेंगे तो समाजवादी सुगंध महसूस होगी। इसी तरह 2024 में देश भर से नफरत हटाने के लिए 24 तरह के इत्र का प्रयोग कर परफ्यूम बनाया जाएगा। यह परफ्यूम सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें- कार्यकर्ताओं को अखिलेश का मंत्र, मतदान-मतगणना के समय रहें सतर्क, भाजपा कर सकती है कुछ भी