अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने कर दिया देश खोखला

सरकार की गलत नीतियां

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया है। सपा सुप्रीमो ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने देश को खोखला बना दिया है। नोटबंदी, जीएसटी, से लेकर कारोबारी जटिलताओं, भ्रष्टाचारी टैक्स तंत्र और सरकारी उत्पीड़न से भारत के करोड़पतियों का देश से मोह भंग हो रहा है।

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार अपने कुछ समर्थकों के लिए ही नीतियां बना रही और उन्हीं को आगे बढ़ा रही है, जिससे परेशान होकर हर साल हजारों की संख्या में करोड़पति भारत छोड़कर दूसरे देशों में अपना कारोबार शिफ्ट कर रहे हैं। करोड़पतियों के भारत छोड़कर विदेशों में बसने की जो रिपोर्ट आ रही है वो हैरान करने के साथ ही देश को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान करने वाली है।

करोड़पति भारत छोड़कर जा चुुके विदेश

साथ ही कहा कि पिछले साल जहां 7500 से अधिक करोड़पतियों ने गलत आर्थिक नीतियों और कारोबारी दुश्वारियों के कारण देश छोड़ दिया था। वहीं इस साल अभी तक 6000 करोड़पति भारत छोड़कर विदेश जा चुुके हैं। सपा सुप्रीमो ने तंज कसते हुए कहा कि दुनिया भर से विदेशी निवेश लाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि जब भारत के ही उद्योगपति और व्यवसायी देश छोड़ रहे हैं तो विदेशी निवेशक कहां से और कैसे आएंगे? विदेशी इन्वेस्टमेंट को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार को अब यूपी के ही इन्वेस्टर ढूंढे नहीं मिल रहे है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने यूपी की बिजली व्यवस्था को किया बर्बाद, कटौती के चलते त्राहि-त्राहि कर रही जनता: अखिलेश यादव
ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट हुई…

वहीं योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि फरवरी में जो ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट हुई थी, उसमें 33 लाख करोड़ रूपये के निवेश का दावा किया गया था। भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में साढ़े चार लाख करोड़ रूपए के निवेश के एमओयू हुए थे पर यह सब दिखावा ही रहा। जमीन पर एक भी निवेश नहीं दिखाई दिया है। एमओयू करने वाले निवेशकों का पता ठिकाना तक भाजपा सरकार नहीं खोज पा रही है।

सरकार का हर काम कागज पर

प्रदेश की जनता को धोखा देने का यह भाजपाई प्रयास शर्मनाक है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार का कोई भी काम जमीन पर नहीं है। सरकार का हर काम कागज पर हो रहा है। कागजी काम और विज्ञापनों के जरिए भाजपा जनता को अनन्त काल तक भ्रमित नहीं कर सकती है।

यह भी पढ़ें- प्रशिक्षण शिविर में अखिलेश ने साधा भाजपा पर निशाना, सपा कार्यकर्ताओं को दिया हार्ड होने का मंत्र