अखिलेश यादव के फैसले पर वाहवाही लूटना चाहती है भाजपा: राजेंद्र चौधरी

राजेन्द्र चौधरी

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने आज प्रदेश की भाजपा सरकार के फैसलों पर सवाल उठाएं है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की भलाई के नाम पर सिर्फ फाइलों में ही लिखा पढ़ी कर रही है। भाजपा के साथ ही आरएसएस को निशाना बनाते हुए उन्‍होंने कहा कि जनता को बहकाये रखने की भाजपाई-आरएसएस शैली के तहत राज्य सरकार जो निर्णय प्रचारित कर रही है, उनका कोई लाभ किसानों, गरीबों, नौजवानों को मिलने वाला नहीं है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने कहा फितरत से मजबूर भाजपा आज भी दे रही जनता को धोखा

मुख्‍य प्रवक्‍ता ने अपने एक बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने आज जो फैसले लिए हैं वे अखिलेश यादव के मुख्‍यमंत्री रहने के दौरान लिए जा चुके है। ट्रांसफार्मर बदलने की अवधि अखिलेश यादव सरकार ने निश्चित की थी। उस पर भी भाजपा सरकार वाहवाही लूटना चाहती हैं।

यह भी पढ़े- झूठ की खेती करने में माहिर है भाजपा, अखिलेश के बाद राजेंद्र चौधरी ने साधा निशाना

अखिलेश यादव की सरकार के समय के निर्णयों और कार्यो को दोहराते रहना भाजपा सरकार अपनी उपलब्धि बता रही है। इसके साथ ही  बिजली आपूर्ति के संबंध में जो दावे किए हैं वे सिर्फ भ्रम पैदा करने वाले हैं। सपा सरकार के ही समय नगरों में 22 से 24 घंटे, और ग्रामीण इलाकों में 16 से 18 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के आदेश हो गए थे।

प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी बिजली 24 घण्टा आपूर्ति लगातार हो रही थी, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही विद्युत आपूर्ति में गड़बड़ी अभी से दिखने लगी है।

राजेंद्र चौधरी ने यह भी कहा कि अफवाहों की राजनीति से ही भाजपा अपनी सरकार चलाना चाहती है। उसके पास अपनी कोई जनहित की योजना नहीं है।

जोर-शोर से आलू खरीद का प्रचार किया जा रहा है। यह बे-मौसम का राग है। आलू की फसल खत्म हो चुकी है और बिक्री भी हो चुकी है। बड़ी मात्रा में आलू कोल्ड स्टोरेज में रखे जा चुके है। उन्‍होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जो निर्णय लिया है, वह दिखावटी कदम है।

आगजनी से तबाह किसानों की तकलीफ क्‍यों नहीं दे रही दिखाई

गर्मी के चलते लगने वाली आग में तबाह होने वाले किसानों की हिमायत करते हुए राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मांग के बावजूद किसानों, गरीबों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने वाली भाजपा सरकार आगजनी से तबाह हजारों किसानों, गरीबों की तकलीफों पर ध्‍यान नहीं दे रही है।

यह भी पढ़े- भाजपा के छल-प्रपंच के सामने दब गया हमारे विकास का मुद्दा:  डिम्‍पल यादव

जबकि फर्रूखाबाद, चित्रकूट, गोरखपुर, कानुपर देहात, फैजाबाद, लखनऊ समेत दर्जनों जनपदों में आग लगने से व्यापक जनधन की क्षति की सूचनाएं मिल रही हैं। कई जगह पशु भी आग की चपेट में आ चुके हैं। किसान की खलिहान में रखी फसल और गरीबों की झुग्गी-झोपड़ियों में लगी आग के शिकार लोगों के लिए भाजपा सरकार ने राहत का कोई इंतजाम नहीं किया है। उनको आर्थिक मदद देने और समय पर राहत पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार ने कैबिनेट में कोई निर्णय नहीं लिया।