लखनऊ पहुंचे अमित शाह ने कहा भाजपा को अपराजेय बनाना है लक्ष्‍य

अपराजेय
बैठक में अमित शाह का स्वागत करते योगी आदित्यनाथ साथ में केशव प्रसाद मौर्या।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। आज अपने तीन दिवसीय कार्यक्रम के लिए लखनऊ पहुंचे भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने संगठन की बैठक में कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश के 22 करोड़ लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए योगी सरकार दिन रात काम कर रही है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि पंद्रह सालों की बदहाली से परेशान उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को विधानसभा चुनावों में जबरदस्त बहुमत दिया और अब प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में हर रोज जनहित के फैसले ले रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही दिन से जनता के काम करने में जुटी हुई है। बिगड़ी हुई व्यवस्था मिली है लिहाजा प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम किए जा रहे हैं। महज तीन महीनों के भीतर किसानों की कर्ज माफी से लेकर रिकार्ड गेहूं की खरीद जैसे वायदे पूरे किए गए हैं और पांच सालों के भीतर प्रदेश सरकार संकल्प पत्र में किए गए एक-एक वादा पूरा करेगी।

भाजपा की बढ़ती हुई ताकत पर अमित शाह बोले कि कई राज्यों में सरकार बनाने के बाद भाजपा कभी नहीं हारी और देश में भी पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में हम सबका लक्ष्य ऐसी भारतीय जनता पार्टी बनाने का है जो अपराजेय हो।

यह भी पढ़ें- योगी का विरोधियों पर हमला, चोरों को अच्‍छी नहीं लगती चांदनी रात

श्री शाह ने कहा कि योगी सरकार ने भ्रष्टाचार पर भी करारी चोट की है। ठेके पट्टे से लेकर विभागों तक में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। हमारी प्राथमिकता है कानून का राज स्थापित करना और ये हम कर के रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा बड़ा दायित्व उन 22 करोड़ लोगों की सेवा करने का है जिनकी मदद से हम उत्तर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन कर पाए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता हमारी ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही देश और प्रदेश में ये बड़ी विजय हासिल हुई है। सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल के साथ ही हम केंद्र और राज्य सरकार की नीतियो और कामों को जनता तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में नौकरशाही का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। सरकारें बदलते ही अफसरों के चेहरे बदल जाते थे। हम नौकरशाही के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ हैं और हमारी सरकार ने ये परंपरा तोड़ी है। हम अच्छा काम करने वाले अफसरों को मौका दे रहे हैं। इससे प्रदेश का माहौल तेजी से बदला है।

मजबूत की जारी रही डॉयल 100 की व्‍यवस्‍था: योगी

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मेहनत से भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में भी भाजपा की सरकार बन गई है और हम दिन रात प्रदेश की सेवा मे जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने पेश किया 3.84 लाख करोड़ का पहला बजट, जाने बजट की खास बातें

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी के अलावा पहली बार इतनी बड़ी तादाद में स्कूली बच्चों को किताबें और यूनीफार्म समय से वितरित कर दिए गए हैं। साथ ही गन्ना किसानों का भुगतान भी हो चुके है। श्री योगी ने कहा कि डायल 100 की व्यवस्था और पुख्ता की जा रही है ताकी लोगों को तुरंत मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती पार्टी है भाजपा: केशव मौर्या

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई पार्टी है और इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और हमारे शीर्ष नेतृत्व को जाता है। श्री मौर्य ने कहा कि देश के साथ ही साथ यूपी में भी भारतीय जनता पार्टी ताकतवर बन कर उभरी है और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के लखनऊ में कदम रखने के साथ ही पार्टी की ताकत में और बढ़ोतरी हुई है।

इससे पूर्व अमित शाह ने दीप प्रज्जवलन कर बैठक का शुभारंभ किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव डा. अनिल जैन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल समेत प्रदेश भर से आए सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- नौकरशाही पर बरसे योगी, 2022 तक हर किसी को छत देने की कही बात