अंडमान-निकोबार से उत्‍तराखंड तक भूकंप से कांपी धरती, घरों से निकले लोग

उत्तराखंड तक भूकंप
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। देश में एक तरफ बारिश और लैंड स्लाइड ने तबाही मचा रखी है। दूसरी तरफ रह-रहकर आ रहे भूकंप ने लोगों को दहला रखा है। इस बीच गुरुवार को उत्तराखंड से अंडमान-निकोबार तक कांपी धरती। वहीं तड़के आए भूकंप से डरे लोग अपने-अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। हालांकि भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक आज तड़के चार बजकर 17 मिनट पर अंडमान-निकोबार की धरती एक बार फिर हिल गई।अंडमान-निकोबार में भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं ये भूकंप रिक्टर स्केल पर 4.3 की तीव्रता से आया। इसके साथ ही उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भी भूकंप के झटके महसूस  किए गए हैं। उत्तराखंड में भूकंप की तीव्रता 2.2 थी और भूकंप का केंद्र नेपाल बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान से मणिपुर तक हिली धरती, जयपुर में एक घंटे में तीन बार आया भूकंप, मचा हड़कंप

इसके पहले दो अगस्त को भी अंडमान निकोबार में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।वहीं  रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया था कि बुधवार भोर में लगभग पांच बजकर 40 मिनट पर भूकंप आया था। जिसका केंद्र दस किलोमीटर की गहराई में था।

मालूम हो कि 29 जुलाई को भी अंडमान द्वीप पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.8 मापी गई थी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया था कि देर रात करीब 12 बजकर 53 मिनट पर भूकंप महसूस किया गया था। इसका केंद्र जमीन से 69 किलोमीटर की गहराई में था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में फिर आया भूकंप, 24 घंटों में छठी बार हिली धरती