आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गुडंबा इलाके में सोमवार को बैंक के डिप्टी मैनेजर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन जब कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू की। अचानक हुई इस घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जनकारी के मुताबिक मूल रूप से गोरखपुर निवासी काजी अहमद जैद (40) लखनऊ में आदिल नगर कल्याणपुर गुडंबा में अपने परिवार के साथ रहते थे। अलीगंज स्थित एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर की पहले मंजिल पर बने कमरे में 32 बोर की पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
आवाज सुनकर जब पत्नी तैयबा देखने पहुंची। तो काजी अहमद जैद लहूलुहान हालात में मिले जिसे देखकर पत्नी की चीख निकल गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने बताया दो दिन पहले गोंडा रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए थे। वहां से रविवार रात वापस लौटे। इसके बाद सब लोग अपने-अपने कमरे में चले गए। सुबह पत्नी घर का काम करने नीचे आ गई। इस दौरान जैद ने आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें- दारोगा ने लाइसेंसी असलहे से खुद को मारी गोली, मौत
इस संबंध में इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभतेश श्रीवास्तव का कहना है कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में बैंक में घोटाले की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।




















