अयोध्या दर्शन के बाद बोले उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, वर्षों बाद पूरी हुई प्रतीक्षा

अयोध्या दर्शन
अयोध्या दर्शन करने पहुंचे उपराष्‍ट्रपति।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/अयोध्या। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू तीन दिन तक यूपी दौरे पर हैं। इस दौरान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन से राम नगरी अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी एम ऊषा नायडू भी थीं। उपराष्ट्रपति का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद वह रामलला के दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या भी मौजूद रहे।

इस मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि मेरी अयोध्या यात्रा और राम जन्मभूमि के दिव्य दर्शन की मेरी वर्षों की प्रतीक्षा आज पूर्ण हुई। मुझे विश्वास है कि मेरी तरह देश के लाखों श्रद्धालु नागरिक भी भगवान राम के भव्य मंदिर में दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस तीर्थयात्रा ने, मुझे अपने संस्कारों, अपनी महान संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

साथ ही कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का पुनर्निर्माण भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है, यह प्रतीक है राम के आदर्शों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का एक लोक हितकारी न्यायपूर्ण शासन व्यवस्था जो सभी के लिए शांति, न्याय और समानता सुनिश्चित करती है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का फैसला, अब अयोध्या कैंट के नाम से जान जाएगा फैजाबाद रेलवे स्टेशन

अयोध्या पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने रामलला का दर्शन-पूजन किया फिर प्रजेंटेशन के माध्यम से मंदिर निर्माण की जानकारी ली। साथ ही निर्माण से जुड़े हर पक्ष को गौर से देखा। उपराष्ट्रपति रामलला का दर्शन करने के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचे। जहां हनुमानगढ़ी के प्रवेश द्वार पर ही उनका वैदिक मंत्रोचारों के मध्य स्वागत किया गया। हनुमानगढ़ी में उन्होंने आरती उतारी और दर्शन पूजन के बाद उपराष्ट्रपति का काफिला सीधे सरयू तट पहुंचा, जहां उन्होंने मां सरयू की पूजा-अर्चना के बाद आरती उतारी।

यह भी पढ़ें- विकास परियोजना की समीक्षा बैठक में बोले मोदी, अयोध्या हर भारतीय की सांस्कृतिक चेतना का शहर