बाबरी विध्वंस मामले में CBI कोर्ट में पेश हुए मुरली मनोहर जोशी, दर्ज हुआ बयान

बाबरी विध्वंस
मुरली मनोहर जोशी। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बाबरी मस्जिद विध्‍वंस मामले की सुनवायी कर रही सीबीआइ की विशेष अदालत ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी का बयान दर्ज किया। विशेष न्यायाधीश एस के यादव ने भाजपा के 86 वर्षीय वयोवृद्ध नेता जोशी का बयान वीडियो कांफ्रेंस के जरिए दर्ज किया।

इस संबंध में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के शुक्रवार को बयान दर्ज कराये जाने की संभावना है। बाबरी मस्जिद ढहाये जाने के मामले में इस समय आरोपियों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं। सभी 32 आरोपियों के बयान अपराध प्र​क्रिया संहिता की धारा-313 के तहत दर्ज हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बाबरी विध्‍वंस मामले में बयान दर्ज कराने CBI की विशेष अदालत पहुंचे पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह

अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने अयोध्या स्थित विवादित ढांचे को गिरा दिया था। राम मंदिर आंदोलन का नेतृत्व आडवाणी और जोशी ने किया था। भाजपा नेता उमा भारती और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह इस मामले में बयान दर्ज करा चुके हैं। अदालत मामले की रोजाना सुनवायी कर रही है।

यह भी पढ़ें- बाबरी विध्वंस मामले में CBI की विशेष अदालत में साध्वी ऋतंबरा ने कहा, मैं नहीं हूं दोषी

उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुरूप उसे 31 अगस्त तक मामले की सुनवायी पूरी कर लेनी है। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अदालत में तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने राजनीतिक प्रतिशोध के कारण उन्हें इस मामले में फंसाया। कल्याण सिंह ने भी तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उनके खिलाफ लगाये गये आरोप झूठे और निराधार हैं और वह निर्दोष हैं।

यह भी पढ़ें- बाबरी विध्वंस मामले में CBI की विशेष अदालत में बयान दर्ज कराने पहुंची उमा भारती, खुद को बताया निर्दोष