बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान, भीषण चक्रवात में हो सकता है तब्दील

खाड़ी में उठा तूफान
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। भीषण गर्मी के बीच बंगाल की खाड़ी में एक तूफान विकसित हो रहा है। इस तूफान के भीषण चक्रवात में तब्दील होकर 26 मई को पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के तट पर पहुंचने की संभावना है। चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर के कई इलाकों में भारी बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में मौजूद एक कम दबाव की प्रणाली के शुक्रवार को गहरे दबाव में परिवर्तित होने और उसके बाद अगले दिन पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात में बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि इसके बाद रविवार शाम तक यह तूफान एक भीषण चक्रवात के तौर पर बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तट पर पहुंच जाएगा। इसके अलावा मौसम विभाग ने मछुआरों को रविवार तक उत्तर बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की चेतावनी दी है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ समेत यूपी के इन शहरों में चार दिन आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट

वहीं केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने कहा कि कम दबाव प्रणाली को चक्रवात में बदलने के लिए समुद्र की सतह का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक होना आवश्यक है। बंगाल की खाड़ी में समुद्र की सतह का तापमान इस समय 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।

साथ ही कहा, “बंगाल की खाड़ी और अरब सागर इस समय बहुत गर्म हैं, इसलिए उष्णकटिबंधीय चक्रवात आसानी से बन सकता है।” उन्होंने कहा, “अगर ऊर्ध्वाधर हवा का झोंका बहुत बड़ा है तो चक्रवात तेज नहीं होगा। यह कमजोर हो जाएगा।”

यह भी पढ़ें- बढ़ती गर्मी व हीटवेव के कारण बंद हुए स्कूल, DM ने जारी किया आदेश