बदलने वाला है यूपी का मौसम, हल्की बारिश के साथ तेज हवा व आंधी की चेतावनी जारी

बारिश

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में मौसम बदलने जा रहा है। पांच मई की रात से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं। यह हवाएं कहीं-कहीं आंधी का रूप भी ले सकती हैं। साथ ही मौसम विभाग ने अगले सप्ताह आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। यह कई जिलों में कम या अधिक हो सकती है। हालांकि लखनऊ समेत कई इलाकों में बादलों की आवाजाही का सिलसिला शुरू हो गया है। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रयागराज सर्वाधिक गर्म रहा। यहां पर पारा 40.4 से बढ़कर 42.7 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं वाराणसी में 41.8, फतेहपुर में 41.2, झांसी में 41.7, हमीपुर में 41.2, अलीगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है। लखनऊ का पारा भी 40 पार पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदलेगा। बारिश के आसार सात मई के आस-पास बन रहे हैं। सात मई को यूपी के कई जिलों में बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें- UP में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश व ओले गिरने की संभावना

वहीं राजधानी में शनिवार को मौसम का मिला जुला रूप देखने को मिला। सुबह से तीखी धूप रही, नतीजन पारा चढ़ा। शुक्रवार को 38.3 डिग्री के मुकाबले तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दिखी। पारा 21.1 से चढ़कर 23.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। दोपहर बाद बादल डेरा डाले रहे, बीच-बीच में चलती हवा से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, पारा 42 डिग्री तक फिर जा सकता है। हालांकि 25 से 30 किमी तक की रफ्तार से हवाएं राहत देती रहेंगी।

यह भी पढ़ें- यूपी: तीन दिन में गर्मी से खराब हो सकती है हालत, IMD का अलर्ट जारी