लखनऊ में अचानक झमाझम बारिश ने दी गर्मी से राहत, 40 किलोमीटर के रफ्तार से चली आंधी, मासूम की जान भी गयी

लखनऊ में बारिश
हजरतगंज में बारिश के दौरान गुजरते लोग।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ समेत यूपी के कई इलाकों में रविवार को तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया और गर्मी से राहत मिली। धूप के बीच अचानक से बादल छा गए और करीब 40 किलोमीटर के रफ्तार से आंधी चलने लगी।
शाम करीब 4:30 बजे के करीब गोमतीनगर, अलीगंज हजरतगंज और चौक समेत कई जगहों पर अच्छी बारिश देखने को मिली।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ सहित बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, उन्नाव और आस-पास के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

वहीं लखनऊ में आंधी-बारिश में रहीमाबाद क्षेत्र में दीवार ढह गई। उसके नीचे दबकर क्लास-3 के छात्र की मौत हो गई। जबकि मोहान रोड पर देवपुरी कॉलोनी के पास पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। हजरतगंज चौराहा समेत कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। हजरतगंज में तेज आंधी की वजह से होर्डिंग फट गई।

यह भी पढ़ें- वाराणसी-लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश, ओले भी गिरे

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी राजधानी समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की सक्रियता बनी रहेगी और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को अगले 24 घंटे तक मौसम के बदले हुए तेवर देखने को मिल सकते हैं।

यह बी पढ़ें- लखनऊ समेत कई जिलों में दिन में छाया अंधेरा, धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश