बोले पवन खेड़ा, भारत जोड़ो एक तीर्थ यात्रा, देश को एक करने तक नहीं होगी समाप्‍त, कांग्रेस करती है सभी धर्मों का सम्मान

भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को आज एक साल पूरा हो गया है। इस विशेष मौके पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे तीर्थ यात्रा बताते हुए कहा कि तीर्थ यात्रा कभी समाप्त नहीं होती है। तीर्थ यात्रा ही हर एक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा देश के लोगों को एक करने का अपना लक्ष्य पूरा होने तक समाप्त नहीं होगी। उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान पर पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है।

एक प्रेसवार्ता में पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस देश के लोगों को एक करने का काम कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत भी इसी मकसद के साथ की गई है। उन्होंने साफ कहा कि उदयनिधि और ए राजा द्वारा दिए गए बयानों का कांग्रेस समर्थन नहीं करती है। कांग्रेस पार्टी देश में हर सोच और धर्म का आदर करती है और उनको साथ लेकर चलती है।

देश में भारत-इंडिया को लेकर विवाद पैदा करना चाहती है भाजपा

वहीं कांग्रेस नेता ने भारत और इंडिया को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी देश में भारत और इंडिया को लेकर विवाद पैदा करना चाहती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, गोल्ड कहो या सोना कहो, किसी चीज को आप हिंदी में बोलो या अंग्रेजी में उसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं होता है। खेड़ा ने कहा कि देश के लोगों को यह पता चल गया है कि कौन भारत और इंडिया के बीच विवाद खड़ा करना चाह रहे हैं।

यह भी पढ़ें- G20 के डिनर इन्विटेशन पर लिखा ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ तो कांग्रेस ने कहा, अब राज्यों के समूह पर भी खतरा

इस दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार द्वारा बुला गए संसद के विशेष सत्र को लेकर कहा कि विशेष सत्र का एजेंडा विपक्ष के साथ हमेशा साझा किया जाता है। यह पहली बार है जब सरकार ने विपक्ष ने संसद सत्र का एजेंडा विपक्ष के साथ शेयर नहीं किया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष का दावा, मोदी सरकार पर है मनरेगा मजदूरों का छह हजार करोड़ से ज्‍यादा का बकाया