बिहार चुनाव का फैसला हमारे पक्ष में, कुछ लोग कुर्सी पर, हम लोगों के दिलों में हैं बैठे: तेजस्‍वी यादव

तेजस्वी यादव

आरयू वेब टीम। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव को गुरुवार को महागठबंधन का नेता चुना गया। इस दौरान तेजस्‍वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता बची होगी, तो उन्हें जनता के फैसले का सम्मान करते हुए कुर्सी से हट जाना चाहिए। बिहार का फैसला हमारे पक्ष में है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कुर्सी पर बैठे है, हम लोगों के दिलों में बैठे हैं। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा आरजेडी को सबसे बड़ी पार्टी बनने से नहीं रोक पाई।

वहीं प्रेसवार्ता में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने चुनाव की मतगणना प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव का जो फैसला आया है वह एक तरह से महागठबंधन के पक्ष में रहा है, लेकिन नतीजा उनके (एनडीए) के पक्ष में गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 2015 में भी भाजपा ने चोर दरवाजे से नीतीश कुमार के साथ मिलकर सरकार बना ली थी। इस बार एनडीए ने धन, बल और छल के दम पर चुनाव जीता है।

यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव रूझान पर उदित राज का सवाल, धरती से सैटेलाइट नियंत्रित हो सकती है तो EVM क्यों नहीं

उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ देश के प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री एक तरफ रहे, लेकिन कई जोड़-भाग के बावजूद इस 31 साल के नौजवान को रोकने में नाकाम रहे। इतना ही नहीं भाजपा को प्रकोष्ठ ने जोड़-भाग गुणा सबकुछ किया, लेकिन फिर भी राष्ट्रीय जनता दल को सबसे बड़ा दल होने से रोक नहीं पाए। तेजस्वी ने आगे कहा कि नीतीश कुमार जी तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार ने बदलाव का जनादेश दिया है, बिहार की जनता हम लोगों के साथ है। इसके लिए हमारी पार्टी बिहार में धन्यवाद यात्रा निकालेगी। वैसे भी पार्टी का मानना है कि चुनाव हारे नहीं जीते हैं। इसके अलावा अगर 19 लाख रोजगार, समान काम समान वेतन, स्वंय सहायता समूह को मानदेय और शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी तो जनवरी के बाद उनकी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।

यह भी पढ़ें- तेजस्वी का तंज, प्याज के दाम ने मारी सेंचुरी, भाजपा को अब महंगाई डायन नहीं भौजाई आ रही नजर