भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनें महेंद्र नाथ, BHU से की थी राजनीतिक पारी की शुरुआत

निकाय चुनाव
डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। मोदी सरकार में केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री व चंदौली के सांसद डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय को भाजपा का उत्‍तर प्रदेश अध्‍यक्ष बनाया गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति की और महासचिव अरुण सिंह ने उनके नाम की घोषणा की। उनसे पहले इस पद पर केशव प्रसाद मौर्या थे, हालांकि केशव मौर्या के डिप्‍ट सीएम बनने के बाद से ही भाजपा में दूसरे प्रदेश अध्‍यक्ष की चर्चा होने लगी थी। हाल ही में राजधानी आए भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने भी जल्‍द ही भाजपा का नया प्रदेश अध्‍यक्ष घोषित करने की बात कही थी।

वहीं महेन्‍द्र नाथ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आज केशव मौर्या ने नव नियुक्‍त प्रदेश अध्‍यक्ष को बधाई देने के साथ ही कहा कि उन्‍हें पूरी उम्‍मीद है कि महेन्‍द्र नाथ प्रदेश में पार्टी को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ पहुंचे अमित शाह ने कहा भाजपा को अपराजेय बनाना है लक्ष्‍य

केंद्रीय सरकार में अहम जिम्‍मेदारी निभाने वाले महेंद्र नाथ पाण्‍डेय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में स्थित यूनिवर्सिटी बीएचयू से की थी। वहीं पर यह पहली बार छात्रसंध महामंत्री चुने गए और फिर उन्‍होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मूलरूप से गाजीपुर जनपद के पखरपुर के निवासी महेंद्र नाथ ने बीएचयू से ही पत्रकारिता में स्नाकोत्तर की उपाधि भी हासिल की।

2014 में बने चंदौली के सांसद

भाजपा के नवनियुक्‍त प्रदेश अध्‍यक्ष 1991-1992 तथा 1996-2002 में विधानसभा सदस्य रहे तथा राज्यमंत्री आवास व नगर विकास तथा वर्ष 2000 में पंचायती राज्यमंत्री का स्वतंत्र प्रभार के रूप में कार्य किया। डा0 पाण्डेय भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं। साथ ही 2014 के लोकसभा चुनाव में चन्दौली लोकसभा से सांसद चुने गए। साथ ही उन्‍होंने ग्रामीण विकास की स्टैन्डिग कमेटी के सदस्य तथा स्टील व माइन्स मंत्रालय की सलाहकार समिति सदस्य के रूप में भी काम किया है।

यह भी पढ़ें- भ्रष्‍टाचार रोककर जनता के भरोसे को रखेंगे कायम: केशव मौर्या

महेन्द्र नाथ पाण्डेय
कार्यालय पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाते भाजपा के पदाधिकारी।

योगी समेत दिग्‍गजों ने दी बधाई

वहीं भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्‍तव ने बताया कि डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने हार्दिक बधाई देते हुए डा0 महेन्द्र नाथ के दीर्घ राजनीति व सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलने की बात कही है।

एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर किया खुशी जाहिर

वहीं दूसरी ओर भाजपा को नया प्रदेश अध्‍यक्ष मिलने पर वाराणसी, चंदौली व लखनऊ समेत प्रदेश भर में भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं ने जश्‍न मनाकर बधाई दी। भाजपा के लखनऊ स्थि‍त प्रदेश कार्यालय पर भी तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्‍न मनाया।

इस दौरान राकेश त्रिवेदी, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विजय बहादुर पाठक, संतोष सिंह, अनूप गुप्ता, सुभाष यदुवंश, महेश चन्द्र श्रीवास्तव, सुरेश अवस्थी, प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता डा0 मनोज मिश्र, डा0 चन्द्रमोहन, मनीष शुक्ला, राकेश त्रिपाठी, शलभ मणि त्रिपाठी, अनीला सिंह, प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी समेत दर्जनों लोग कार्यालय में मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- अब यादव परिवार में अमित शाह ने जमीन पर बैठकर खाया खाना