अखिलेश ने कहा, महंगाई-बेरोजगारी रोकने में फेल BJP सरकार को लोकसभा चुनाव में हराएगा INDIA

अशर्फी लाल यादव
अशर्फी लाल यादव की प्रतिमा का अनावरण करते अखिलेश यादव साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मंगलवार को मोदी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा है कि भाजपा सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी रोकने में भी फेल है। जनता भाजपा से दुखी है। अगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया (गठबंधन) भाजपा को हराकर सत्‍ता से बाहर करेगा।

एक लाख से ज्‍यादा किसान दे चुके जान

आज बाराबंकी में पूर्व विधायक अशर्फी लाल यादव की प्रतिमा का अनावरण कर अखिलेश ने पत्रकारों से कहा भाजपा की दस साल की सरकार में एक लाख से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। सीमा पर जवान शहीद हो रहे हैं। सीमाएं असुरक्षित हैं। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है अब ऐसी सरकार को जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में जरूर हटा देगी।

पीडीए हमारे साथ, भाजपा उसके खिलाफ

साथ ही यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रही है। पिछड़े, दलित व अल्‍पसंख्‍यक (पीडीए) हमारे साथ है। भाजपा सरकार पीडीए के खिलाफ है। पीडीए के साथ अन्याय हो रहा।

क्‍या सिर्फ सपने दिखाने से देश होगा विकसित

इससे पहले बाराबंकी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर अखिलेश ने कहा भाजपा अब विकसित भारत बनाने का झूठा सपना दिखा रही। किसान- नौजवान परेशान है। भाजपा ने दस साल की सरकार में जनता को क्या दिया? क्या सिर्फ सपना दिखाने से देश विकसित हो जाएगा।

तमाम सरकारी संस्‍थान बेच चुकी मोदी सरकार

मोदी सरकार पर हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि सरकार तमाम सरकारी संस्थान बेच चुकी है। निवेश के नाम पर विज्ञापन दिए, लेकिन निवेश नहीं आया। बड़े पैमाने पर नौजवान बेरोजगार है। गांवों में 80 से 90 फीसदी नौजवान बेरोजगार है। जो काम करना चाहता है उसके पास नौकरी और काम नहीं है।

पिछड़े-दलितों के साथ साजिश है अग्निवीर योजना

मोदी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा पिछड़े व दलितों के साथ साजिश कर अग्निवीर भर्ती लायी। फौज में गरीब किसान के बेटे जाते हैं। भाजपा ने उनकी नौकरी आधी अधूरी कर दी। समाजवादी सरकार आएगी तो अग्निवीर योजना खत्म कर नौजवानों को पहले की तरह सेना की पूरी नौकरी दी जाएगी।

प्राइवेट अस्‍पताल के चक्‍कर में बिक रहें खेत-जमीन

वहीं यूपी की योगी सरकार पर निशान साधते हुए अखिलेश ने कहा कि  भाजपा सरकार ने एंबुलेंस सेवा, डायल 100 पुलिस सेवा को बर्बाद कर दिया। जिला अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा। न दवाई है, न सुविधाएं है। गरीब आदमी को मजबूरी में प्राइवेट अस्‍पताल में इलाज के लिए जाना पड़ रहा जिसके चलते उसकी खेत व जमीन तक बिक जा रही है।

छुट्टा जानवरों से हर दिन जा रही जान

जानलेवा अवारा पशुओं की समस्‍या को लेकर अखिलेश ने कहा कि पूरे उत्‍तर प्रदेश में सड़कों पर सांड दिखाई दे रहा। प्रधानमंत्री ने सांड से होने वाली समस्या हल करने का वादा किया था, लेकिन दो साल बाद भी हालात नहीं बदले। छुट्टा जानवरों से हर दिन यूपी में लोगों की जान जा रही। किसानों को रातभर जागकर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, पूरी जिम्‍मेदारी से सपा INDIA गठबंधन के साथ, लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने की दिशा में पार्टी कर रही काम

वहीं अखिलेश ने बाराबंकी के बदोसराय में पूर्व विधायक अशर्फी लाल यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ दुर्गापुरी, सिविल लाइन स्थित एसपी सिंह के आवास पर उनके परिवार से भेंट की। इसके बाद सफेदाबाद चौराहा पर अखिलेश ने सोनू यादव के प्रतिष्ठान पर कुछ समय बिताया और चाय पीकर लखनऊ लौट आए।