बृजलाल खाबरी ने कहा, योगी सरकार उड़ा रही संविधान की धज्जियां

बृजलाल खाबरी
कार्यकर्ता के साथ बात करते बृजलाल खाबरी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने योगी सरकारपर निशाना साधने के साथ ही कई गंभीर आरोप लगाए। बृजलाल खाबरी ने कहा कि योगी सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि कई ऐसे उदाहरण हैं, जिससे यह कहा जा सकता है कि संविधान खतरे में हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर कानून के उलट काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, संविधान कुछ कह रहा है, जबकि सरकारें कुछ और कह रही हैं। इस समय देश के संविधान पर संकट है और संविधान को खत्म करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान शुरू कर को लेकर कहा कि कांग्रेस लोगों को जागरूक करने के लिए संविधान बचाओ संकल्प सभा आयोजित कर रही है।

वहीं मध्य प्रदेश में बीते दिनों एक भाजपा नेता ने आदिवासी युवक के सिर पर पेशाब कर दिया था। इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में जमकर विवाद हुआ। इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बृजलाल खाबरी ने कहा कि मध्य प्रदेश में आदिवासी युवक के साथ शर्मनाक घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में आरोपित के खिलाफ संविधान के तहत एफआइआर तक दर्ज नहीं की गई।

यह भी पढ़ें- बृजलाल खाबरी का दावा, राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाए BJP नेता दे रहें उल-जुलूल बयान

इस दौरान आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बृजलाल खाबरी ने दावा किया कि देश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। चुनावों से पहले गठबंधन के सवाल पर कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस पर कोई फैसला करेंगे।

सब्जी और दूसरी सामानों की कीमतों में बेतहाशा इजाफे के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कालाबाजारी और जमाखोर को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का मुनाफाखोरों पर कोई अंकुश नहीं रह गया है। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर उन्होंने कहा कि बीजेपी को यूसीसी से पहले देश की मंहगाई और बेरोजगारी पर चर्चा करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक के बाद हिरासत में लिए गए बृजलाल खाबरी समेत दर्जनों कार्यकर्ता