बसपा व कांग्रेस नेताओं को सपा में शामिल कर अखिलेश ने कहा, योगी सरकार से परेशान है किसान

परेशान है किसान
नेताओं के साथ अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के एक से दूसरी पार्टी में शामिल होने का सिलसिला जारी है। वहीं शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को झटका दिया है। अखिलेश यादव ने आज कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक व उनके बेटे शामली से पूर्व विधायक पंकज मलिक व बसपा से विधायक रहे रामसागर अकेला को भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस दौरान अखिलेश यादव ने सपा में शामिल सभी लोगों का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि किसान योगी सरकार से परेशान है। सरकार ने फसल खरीदने का कोई इंतजाम नहीं किया। किसान अपनी मेहनत की फसल जलाने को मजबूर है। खाद के लिए किसान की जान चली जाए, उसे आत्महत्या करनी पड़े तो स्थिति क्या होगी, अंदाजा लगा लीजिए। आज किसान भाजपा का सफाया चाहता है। जनता इस बार उन्हें क्वारेंटाइन कर देगी।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर के साथ रैली कर अखिलेश ने कसा भाजपा पर तंज, यूपी में भी बंगाल की तरह होगा खदेड़ा

सपा मुखिया ने योगी पर तंज कसते हुुए कहा कि भाजपा में मनभेद ही नहीं बल्कि मठभेद भी है। अगर भाजपा सभी विधायकों के टिकट काट लेगी तो भी जीत नहीं पाएगी। इस दौरान अखिलेश ने सवाल किया कि योगी सरकार ने साढ़े चार साल लोगों को कौन सा टेबलेट बांटा? भाजपा किसानों की पार्टी नहीं है, ये उन लोगों की पार्टी है जो, सेंसेक्स ऊपर नीचे देखते हैं। साथ ही कहा कि देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे सपा ने बनाया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंडियां बनानी चाहिए। सरकार बताए कि धान खरीदी के लिए कितने केंद्र बनाए हैं?

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते पिछड़ता चला गया यूपी