ओपी राजभर के साथ रैली कर अखिलेश ने कसा भाजपा पर तंज, यूपी में भी बंगाल की तरह होगा खदेड़ा

यूपी में होगा खदेड़ा
रैली को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/मऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को मऊ में साझा रैली की। इस दौरान समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने साथ चुनाव लड़ने का एलान किया। रैली को संबोधित करते अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलने के साथ ही तंज कसते हुए कहा कि ये लाल-पीला रंग देखकर कोई और लाल-पीला हो रहा होगा।

अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा को सत्ता में लाने वाला रास्ता ओम प्रकाश राजभर ने बंद कर दिया है। यूपी में भी अब बंगाल की तरह खदेड़ा होगा। सब जानते हैं कि दिल्ली में और लखनऊ में कौन लाल-पीला हो रहा है। सपा मुखिया ने कहा कि ये आपके भविष्य का चुनाव है। यूपी में जनता हमें 400 सीटें भी जिता सकती है। सपा मुखिया ने कहा कि पूर्वांचल जब जाग जाता है तो इतिहास बदलता है। पूर्वांचल से तय हो जाता है कि इतिहास बदलेगा। 2022 के चुनाव में भाजपा का यूपी से सफाया हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि हमें महसूस हो गया है कि झूठ बोलने वालो की साजिश अब दलित और पिछड़ों के बीच में नहीं चलने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चप्पल पहनने वाले को हवाई जहाज में सफर करने का सपना दिखाया था, लेकिन आज महंगाई ने यह हालात कर दी कि चप्पल पहनने वालों की मोटर साइकिल भी खड़ी हो गई है। आज पेट्रोल की कीमत क्या है? आज मोटर साइकिल भी खड़ी हो गई। अगर कुछ लोग मोटर साइकिल से चलते भी होंगे तो उन्हें चालान पर चालान देना पड़ता होगा।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते पिछड़ता चला गया यूपी

इस दौरान अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। साथ ही आरोप लगाया कि कोरोना काल में लोगों का छोड़ दिया गया। न तो ऑक्सीजन मिल रही थी न दवाई और न ही अस्पताल न जाने कितने मजदूर चलते-चलते मर गए। लोग देश के अलग-अलग हिस्सों से पैदल वापस लौटे। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन को रोकने वाला अब कोई नहीं है।

यह भी पढ़ें- बसपा के पूर्व सांसद को सपा में शामिल कर अखिलेश का भाजपा पर तंज, जनता वोटों से कुटाई को तैयार, 300 सीटें जीतने का गणित भी बताया