बुलडोजर से डराना भाजपा का एजेंडा, इन्हीं कुनीतियों के चलते समाज का हर वर्ग परेशान: अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर भाजपा को निशाने लेते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। एजेंसियों ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआइ का उपयोग सत्ता विरोधी विपक्ष को डराने-धमकाने और सपा को बदनाम करने के लिए किया जाने लगा है।

अखिलेश यादव शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में युवा संगठनों के प्रमुख नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बुलडोजर से डराना भाजपा का एजेंडा है। भाजपा की इन्हीं कुनीतियों के चलते समाज का हर वर्ग परेशान है और अब वह इस सरकार से छुटकारा पाना चाहता है। उन्होंने कहा कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा का हारना तय है और सपा लोकसभा चुनाव में विजयी होगी। जनता हमारे पार्टी के साथ है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि आज नौजवानों के भविष्य के आगे अंधेरा है। रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। पार्टी उनके लिए आवाज उठाती रही है। महंगाई भाजपा के कारण है। किसान की आय दोगुनी कहां हुई? बिजली महंगी क्यों है? एक यूनिट बिजली का बीजेपी राज में उत्पादन नहीं हुआ। फर्जी मुकदमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाया जा रहा है। रोजगार की दर 4.2 प्रतिशत है जो सच्चाई से दूर है।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि सपा से जुड़ा नौजवान संघर्षशील है। वह कर्मठ और निष्ठावान है। भाजपा गुमराह करने में किसी हद तक जा सकती है। यह लोग वैमनस्य, नफरत की राजनीति करती है। भाजपा का मुकाबला करने के लिए सपा युवा उत्साह से भरे हुए हैं। आगामी निकाय चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी की धांधली रोकने में नौजवानों की सक्रिय भूमिका होगी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का ऐलान, यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा सपा गठबंधन

इस दौरान सपा के युवा कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार और सपा की जीत में नौजवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। इनकी तमाम साजिशें मैनपुरी में सफल नहीं हो सकी। नौजवानों को बिना किसी प्रलोभन और भय के किसी भी क्षेत्र में हो रहे अन्याय का कड़ा विरोध करना है।

यह भी पढ़ें- CM योगी का अखिलेश को जवाब, पहले सिर्फ होती थी बड़ी-बड़ी घोषणाएं, आज हम कर रहें सबके लिए काम