Video Tweet कर अखिलेश ने कसा तंज, ‘विधानसभा में BJP विधायक खेल रहे ताश, कर रहे प्रदेश का नाश’

विधायक खेल रहे ताश

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र खत्म हो चुका है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने शनिवार को भाजपा के जनप्रतिनिधियों का वीडियो जारी कर विधानसभा में विधायक के गुटखा खाने व मोबाइल पर गेम खेलने को लेकर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ‘भाजपाई विधायक यूपी विधानसभा के सत्र में खेल रहे हैं ताश और कर रहे हैं प्रदेश का नाश।

अखिलेश यादव ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि भाजपाई विधायक उत्तर प्रदेश विधानसभा के सत्र में खेल रहे हैं ताश और कर रहे हैं प्रदेश का नाश। भाजपा के उन विधायक जी को धन्यवाद जिन्होंने पीछे से ये वीडियो बनाकर व वायरल कर जनहित का काम किया। अब देखना ये है कि मुख्यमंत्री जी इन विधायकजी पर ‘नैतिक बुलडोजर’ कब चलाएंगे? #भार_बन_गयी_भाजपा।

वहीं अपने दूसर ट्वीट में सपा मुखिया ने तंज कसते हुए कहा कि ‘गुटखा खाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है!’ शायद ये संदेश देने के लिए भाजपा के एक विधायक ने अपने ही एक विधायक जी का जो वीडियो जनहित में जारी किया है, उसके लिए उनको भी धन्यवाद! भाजपा आंतरिक सुधार की ओर अग्रसर है… और उसे इसकी बहुत जरूरत भी है।

यह भी पढ़ें- विधायकों के साथ राज्‍यपाल से मुलाकात कर बोले अखिलेश, बदले की नीयत से आजम खान पर कार्रवाई कर रही सरकार

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन से ही विरोध जताना शुरू कर दिया था। इसके बाद लगातार किसी न किसी मुद्दे पर सरकार को घेर रही थी। अंतिम दिन शुक्रवार को अपेक्षित जवाब ना मिलने का आरोप लगाकर नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा के विधायकों ने वॉकआउट किया था। इसके बाद दूसरे सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- विधानसभा में बृजेश पाठक पर भड़के अखिलेश ने कहा, केवल छापामार मंत्री बनोगे या कुछ काम भी करोगे